गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर से बाहर चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां द्वारका एक्सप्रेसवे से दिल्ली और गुरुग्राम के लिए आवागमन की राह को आसान बनाने की योजना बनाई गई है. इसके लिए ओल्ड दिल्ली- गुरुग्राम रोड की स्पेशल मरम्मत करने के साथ- साथ चौड़ीकरण भी किया जाएगा. लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बताया कि गुरुग्राम से दिल्ली आवाजाही करने वाले वाहन चालकों के लिए यह सड़क मार्ग एक बेहतरीन विकल्प बनें, इसके लिए प्लान तैयार किया गया है.
उन्होंने बताया कि ओल्ड गुरुग्राम- दिल्ली रोड एक तरफ द्वारका एक्सप्रेसवे और दूसरी तरफ दक्षिणी दिल्ली स्थित महरौली- गुरुग्राम रोड से कनेक्ट होती है जिसमें से लगभग ढाई किलोमीटर लंबा हिस्सा समालखा चौक से कापसहेड़ा बॉर्डर तक विकसित किया जाएगा.
दिल्ली- गुरुग्राम आवागमन आसान
काफी सालों पहले दिल्ली को गुरुग्राम से जोड़ने का सिर्फ ओल्ड दिल्ली- गुड़गांव रोड ही विकल्प था. आज भी नजफगढ़, कापसहेड़ा और दिल्ली से सटे हरियाणा के इलाकों में जाने के लिए लोग इसी सड़क मार्ग का इस्तेमाल करते हैं. इस सड़क मार्ग की लंबाई करीब 10 किलोमीटर हैं. इस सड़क मार्ग को विकसित करने पर एक ओर तो द्वारका एक्सप्रेसवे से बिजवासन, समालखा, कापसहेड़ा और नजफगढ़ जैसे इलाकों से गुरुग्राम आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर विकल्प मिलेगा जबकि दूसरी ओर इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ने से वर्तमान में ट्रैफिक जाम की जकड़न पूरी तरह से दूर हो जाएगी.
गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर भी इन इलाकों से आने वाले लोगों का ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. इससे द्वारका एक्सप्रेसवे से भी ट्रैफिक जाम कम करने में मदद मिलेगी इसीलिए इस सड़क मार्ग को बेहतर तरीके से विकसित करने की योजना बनाई गई है.
10.70 करोड़ होंगे खर्च
ओल्ड दिल्ली- गुरुग्राम रोड को विकसित करने के लिए 10.70 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार किया गया है. इस रोड को समालखा चौक (द्वारका एक्सप्रेसवे) से कापसहेड़ा बॉर्डर तक डिवेलप किया जाएगा. आगे यह सड़क गुरुग्राम में शीतला माता मंदिर के पास महरौली- गुरुग्राम रोड से कनेक्ट करेगी. 2.5 किलोमीटर लंबा यह हिस्सा हरियाणा में पड़ता हैं और इसी हिस्से को विकसित किया जाएगा.
