गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम नगर निगम ने वित्त वर्ष 2025- 26 के लिए अपना बजट तैयार कर लिया है. इस बजट के तहत, कुल 1,400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि 1,500 करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों ने आयुक्त के साथ बैठक की और स्थानीय स्तर पर बजट को मंजूरी प्रदान की. अब शहरी स्थानीय निकाय विभाग इस पर अंतिम सहमति प्रदान करेगा.
पिछले वर्षों में गड़बड़ाया निगम का बजट
बजट को मंजूरी मिलने के बाद इससे जुड़े कार्य शुरू कर दिए जाएंगे. हर साल फरवरी के महीने में नगर निगम अपनी आय और खर्च का लेखा-जोखा तैयार करता है. इसमें यह ध्यान रखा जाता है कि कितना खर्च होगा और किन माध्यमों से आय होगी. पिछले 5 वर्षों में गुरुग्राम नगर निगम का बजट असंतुलित रहा है.
2024- 25 के लिए 1,550 करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन केवल 940 करोड़ रुपये ही अर्जित हो सके. वहीं, खर्च की बात करें तो 1,495 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट में से केवल 1020 करोड़ रुपये ही खर्च हो पाए.
घटती आय बनी चिंता का कारण
साल 2019 में नगर निगम के खातों में करीब 1,100 करोड़ रुपये थे, जो अब घटकर 300 करोड़ रुपये रह गए हैं. इसका मुख्य कारण आय में लगातार गिरावट बताया जा रहा है. इसके अलावा, सड़क, फ्लाईओवर, अंडरपास, मेडिकल कॉलेज जैसे विभिन्न परियोजनाओं पर भारी खर्च किया जा रहा है. वहीं, दूसरी ओर निगम को मिलने वाली आय के स्रोतों में कमी आई है.
इस विषय में जानकारी देते हुए नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त अशोक गर्ग ने बताया कि बजट तैयार कर लिया गया है. इसे मुख्यालय की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा. इस बार बजट में निगम की आय को प्राथमिकता दी जाएगी और प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
निगम के सालाना बड़े खर्च
कार्य खर्च (करोड़ रुपये में)
- सफाई 40
- विकास कार्य 300
- मरम्मत कार्य 100
- वेतन 250
इन स्त्रोतों से निगम को होती है आय
आय स्त्रोत आय (करोड़ रुपये)
- प्रॉपर्टी टैक्स 200 से 250
- स्टांप ड्यूटी 200 से 250
- विज्ञापन 40 से 60
विज्ञापनों से आय
वर्ष – आय (करोड़ रुपये में)
- 2017- 18 – 14.14
- 2018- 19 – 13.90
- 2019- 20 – 15.45
- 2022- 23 – 20
- 2023- 24 – 58
प्रॉपर्टी टैक्स से आय
वर्ष – आय (करोड़ रुपये)
- 2017- 18 – 332
- 2018- 19 – 207
- 2019- 20 – 168
- 2020- 21 – 225
- 2023- 24 – 250
