गुरुग्राम | अगर आपसे कोई कहे कि थोक में कपड़े कहां से लूं?, तो ज्यादातर लोगों का जवाब होगा सदर बाजार दिल्ली, लेकिन अब बार- बार दिल्ली के बजाए हरियाणा भागने की जरूरत है, क्योंकि गुरुग्राम का सदर बाजार भी हर तरह से उसका मुकाबला करता है. यह मार्केट गुरुग्राम के सबसे पुराने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में से एक है, जहां रोज हजारों लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं. यहां आपको कपड़े, जूते, घर का सामान और स्वादिष्ट खाने- पीने की चीजें सब कुछ सस्ते में मिल जाएंगी.
सदर बाजार
गुरुग्राम का सदर बाजार शहर के दिल में बसता है. यह इलाका जेल रोड, जॉन हॉल मार्ग, जैकबपुरा रोड, जैन मंदिर रोड और बसई रोड से जुड़ा है. इन गलियों में घूमना एक अलग ही अनुभव है. यहां हर दुकान पर कुछ ना कुछ नया मिलेगा. किसी पर सूट- साड़ियां टंगी हैं, तो किसी पर ट्रेंडी टी- शर्ट और जींस. आप एथनिक, वेस्टर्न, पार्टीवियर या वेडिंग कलेक्शन हर तरह के आउटफिट्स किफायती दामों पर पा सकते हैं. त्योहारी सीजन या शादी के वक्त यह बाजार और भी चमक उठता है. दुकानदारों के पास हर बजट के हिसाब से कपड़े मौजूद रहते हैं. चाहे आप ₹500 खर्च करें या ₹5000, यहां से खाली हाथ नहीं लौटेंगे.
सर्दियों में बनेगा शॉपिंग का अड्डा
अब जब ठंड करीब है, तो यहां की दुकानें स्वेटर, जैकेट, वूलन कुर्ते और स्कार्फ से भर चुकी हैं. रोजमर्रा के कपड़ों की भी कमी नहीं है. यहां दर्जनों ऐसे छोटे स्टॉल हैं जहां ₹200-₹300 में बढ़िया टी- शर्ट या शर्ट मिल जाती है. बात करें फुटवियर की तो यहां सस्ते और अच्छे जूते- चप्पल हर कदम पर मिल जाएंगे. सिर्फ ₹300 में सैंडिल और ₹500 में जूते मिल जाते हैं. अगर आप मोलभाव करना जानते हैं, तो कीमत और भी नीचे आ जाएगी.
घर सजाने का बढ़िया ठिकाना
सदर बाजार सिर्फ कपड़े और जूतों तक सीमित नहीं है. अगर आप अपने घर को नया लुक देना चाहते हैं, तो यहां का होम डेकोर सेक्शन जरूर देखें. यहां थोक के रेट पर बिस्तर, दीवान, पर्दे, कुशन और सोफा कवर मिल जाते हैं. कई दुकानों में तो ₹1000 से ₹1500 की रेंज में बेहतरीन सामान मिल जाता है. हर थीम और डिजाइन के मुताबिक यहां चीजें आसानी से मिल जाएंगी.
स्वर्ग जैसा बाजार
खरीदारी के बाद अगर पेट भूख से गड़गड़ाने लगे, तो मार्केट की गलियों में मौजूद स्ट्रीट फूड आपका इंतजार कर रहा है. यहां का सरदार जलेबी वाला, रेवाड़ी स्वीट्स, बालाजी रेस्तरां और गांधी जी पकौड़े वाले जैसे ठिकाने तो बहुत मशहूर हैं. खस्ता कचौड़ी, मसालेदार छोले-भटूरे और जलेबी की मिठास इन सबके स्वाद के आगे बड़े- बड़े रेस्टोरेंट फीके पड़ जाते हैं.
कैसे पहुंचें गुरुग्राम सदर बाजार
यह मार्केट हुड्डा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से करीब 7 मिनट की दूरी पर है. वहां से आप ऑटो ले सकते हैं या चाहें तो पैदल भी पहुंच सकते हैं. बस से आने वालों के लिए गुरुग्राम बस स्टेशन पास ही है, करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर. यहां से 116, 116F, 122, AC- NCR, CS- 11, DTC- NCR जैसी बसें आसानी से मिल जाती हैं.
