गुरुग्राम में 121 करोड़ का लग्जरी फ्लैट खरीदकर सुर्खियों में आए निवेशक, जानिए पूरी डील

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में DLF के अंडर कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट ‘द डहलियाज’ में एक निवेशक द्वारा 121 करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदे जाने का मामला सामने आया है. यह लग्जरी फ्लैट टावर- वन की 20वीं मंजिल पर खरीदा गया है. इस सौदे को देश के रियल एस्टेट सेक्टर के बड़े हाई- एंड ट्रांजैक्शनों में से एक माना जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स की जानकारी के अनुसार, यह फ्लैट मधुसूदन केला ने खरीदा है जो एक निवेशक और एमके वेंचर्स कैपिटल के फाउंडर हैं.

Flat House Ghar

यह सौदा करीब 1.93 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से हुआ है. इस फ्लैट का क्षेत्रफल बालकनी समेत 8044 स्क्वायर फीट बताया गया है जिसमें 1810 स्क्वायर फीट का हिस्सा केवल बालकनी का है.

5 कार पार्किंग स्लॉट

इस फ्लैट के साथ बेसमेंट में 5 कार पार्किंग स्लॉट भी दिए गए हैं. संपत्ति की कुल वैल्यू लगभग 120.71 करोड़ रुपये तय की गई है. यह सौदा 15 अप्रैल 2026 को रजिस्टर्ड हुआ था. हालांकि, कंपनी या खरीदार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सार्वजनिक नहीं किया गया है. रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार, यह फ्लैट गुरुग्राम की दूसरी सबसे महंगी रिहायशी संपत्तियों में शामिल हो गया है. इससे पहले इसी प्रोजेक्ट में एक बड़े बिजनेसमैन द्वारा 380 करोड़ रुपये में चार अपार्टमेंट खरीदे जाने की खबर सामने आई थी.

जानें खासियत

पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने भी लगभग एक साल पहले इसी प्रोजेक्ट में करीब 69 करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदा था. गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित डीएलएफ का यह प्रोजेक्ट अपनी भव्यता और आधुनिक सुविधाओं के कारण चर्चा में है. कंपनी के अनुसार, अब तक इस प्रोजेक्ट में 221 फ्लैट बेचे जा चुके हैं जिससे लगभग 16,000 करोड़ रुपये की बिक्री हासिल हुई है. यह प्रोजेक्ट डीएलएफ की ‘द कैमेलियाज’ जैसी लग्जरी रेजिडेंशियल योजनाओं की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है जहां पहले से ही देश के कई बड़े उद्योगपति और बिजनेसमैन रह रहे हैं.

अगले 5 वर्षों में दिया जाएगा पजेशन

इस प्रोजेक्ट का पजेशन अगले 5 वर्षों में दिया जाएगा. परियोजना का ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट 31 दिसंबर 2031 तक मिलने की संभावना है. पजेशन के बाद 5 वर्षों तक किसी भी स्ट्रक्चरल डिफेक्ट को 90 दिनों के भीतर बिना अतिरिक्त शुल्क के ठीक किया जाएगा. मधुसूदन केला शेयर बाजार के अनुभवी निवेशकों में गिने जाते हैं. वे रिलायंस कैपिटल एसेट मैनेजमेंट में चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर रह चुके हैं और वर्तमान में निजी निवेशक के रूप में शेयरों, स्टार्टअप्स और अन्य निवेश विकल्पों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.