गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो (Gurugram Metro) विस्तार परियोजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू हो चुकी है. इस प्रोजेक्ट से शहर के लोगों को न केवल तीव्र गति के सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी, बल्कि विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा. मेट्रो विस्तार के लिए फरवरी के पहले सप्ताह में टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे, जिससे निर्माण कार्य गति पकड़ेगा.
यह जानकारी आई सामने
हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HMRTC) और गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) के अधिकारियों ने गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्यामल मिश्रा के साथ बैठक कर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 31 जनवरी तक सलाहकार कंपनी टेंडर से जुड़े सभी दस्तावेज तैयार कर लेगी.
जानकारी सामने आई है कि इसी साल मई महीने के आखिर तक मेट्रो निर्माण कार्य धरातल पर दिखाई देने लगेगा. दूसरे चरण के तहत, मार्च महीने के पहले या दूसरे सप्ताह में टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे, जिससे परियोजना की गति को बनाए रखा जा सके.
दो चरणों में होगा निर्माण
ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार कार्य को दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सेक्टर- 9 तक और दूसरे चरण में सेक्टर- 9 से DLF साइबर सिटी तक मेट्रो का निर्माण किया जाएगा. मेट्रो निर्माण कार्य के तहत विभिन्न सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की आवश्यकता होगी.
5452 करोड़ रूपए का प्रोजेक्ट
मेट्रो निर्माण प्रोजेक्ट के तहत, राव गजराज सिंह मार्ग, मेजर सुशील ऐमा सहित 8 मुख्य सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की आवश्यकता रहेगी, ताकि ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से जारी रह सके और लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलती रहें. इसके अलावा, 34 अन्य मुख्य सड़कों की भी चौड़ाई बढ़ाने की आवश्यकता है.
28.5 किलोमीटर लंबे मेट्रो रूट के निर्माण में लगभग 5,452 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. इस रूट पर सबसे पहला स्टेशन मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास बनाया जाएगा. इसके अलावा, सेक्टर- 45, साईबर पार्क, डीएलएफ समेत कई अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर स्टेशन बनेंगे.
