गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में लोगों को तेज गति की एक और अच्छी सुविधा मिलने जा रही है. इस कड़ी में NCRTC ने गुरुग्राम से वाया फरीदाबाद होते हुए ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली है. इसके निर्माण पर 15,745 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान जताया गया है. अगली साल अप्रैल महीने से इस प्रोजेक्ट पर निर्माण कार्य शुरू करने की योजना बनाई गई है.
NCRTC की योजना के तहत, गुरुग्राम के इफको चौक से नमो भारत ट्रेन शुरू होकर मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, डॉ. बीआर अंबेडकर मार्ग, ब्रिगेडियर ओसमान चौक से होते हुए अरावली पर्वत श्रृंखला के रास्ते गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर गांव ग्वाल पहाड़ी के पास पहुंच जाएगी.
नमो भारत ट्रेन का प्रस्तावित रूट
गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर फरीदाबाद स्थित हनुमान मंदिर, बड़खल एन्क्लेव, शहीद भगत सिंह मार्ग होते हुए बाटा चौक पर जाएगी. बाटा चौक से दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे और आगरा कैनाल से होते हुए सेक्टर 85- 86 चौक (अमोलिक चौक) पर पहुंचेगी. इसके बाद, अमृता अस्पताल के पास से होते हुए फरीदाबाद- नोएडा- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, यमुना नदी को पार करते हुए नोएडा के सेक्टर- 168 के समीप पहुंच जाएगी.
नोएडा- ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से एक्वा मेट्रो लाइन को पार करते हुए हिंडन नदी से होते हुए ग्रेटर नोएडा में प्रवेश करेगी. सूरजपुर में नमो भारत का अंतिम स्टेशन बनेगा. गुरुग्राम के सेक्टर- 54 स्टेशन से बाटा चौक तक की दूरी करीब 25 किलोमीटर रहेगी, जोकि सबसे अधिकतम है. सबसे न्यूनतम दूरी साढ़े 7 किलोमीटर इफको चौक से सेक्टर- 54 और नोएडा से सूरजपुर स्टेशन के बीच रहेगी.
एलिवेटेड रहेंगे सभी स्टेशन
गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा के बीच कुल 6 जगहों पर स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित है जिनमें गुरुग्राम में इफको चौक, सेक्टर- 54 और फरीदाबाद में बाटा चौक, सेक्टर- 85- 86 स्टेशन, जबकि नोएडा में सेक्टर- 142- 168 स्टेशन तथा ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर स्टेशन शामिल हैं. यह सभी स्टेशन एलिवेटेड बनेंगे. इस ट्रेन के संचालन को लेकर 75 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी और इस जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया में 1500 करोड़ रुपए की लागत आएगी.
