गुरुग्राम | वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि आगामी मानसून सीजन से तो नहीं लेकिन जुलाई 2026 से दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर बरसाती सीजन के दौरान जलभराव की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा. इसके लिए गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) की ओर से निर्माणधीन लेग चार ड्रेन का लगभग 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है.
105 करोड़ रूपए होंगे खर्च
GMDA के एक अधिकारी ने बताया कि वाटिका चौक से दिल्ली- जयपुर हाईवे तक 5.2 किलोमीटर लंबी लेग चार ड्रेन का निर्माण कार्य चल रहा है. इसके निर्माण पर 105 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी और दिसंबर, 2025 तक इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस ड्रेन के निर्माण से दिल्ली- जयपुर हाईवे सहित नए गुरुग्राम के सेक्टरों में भी काफी हद तक जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी. उन्होंने बताया कि सेक्टरों में भी बरसाती नालों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि लेग चार ड्रेन से इनको जोड़ा जा सके.
सालों पुरानी समस्या का होगा समाधान
पिछले कई सालों से दिल्ली- जयपुर हाइवे पर लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है. यहां नरसिंहपुरा में बरसाती सीजन के दौरान हाइवे पर काफी जलभराव हो जाता है और यहां स्थित कंपनियों के परिसर में भी पानी घुस जाता है, लेकिन अब ड्रेन के निर्माण से लोगों को सालों पुरानी इस समस्या से छुटकारा मिलेगा.
