गुरुग्राम | साईबर सिटी गुरुग्राम के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा बहुत जल्द सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) को चकाचक करने का काम शुरू किया जाएगा. ऑथोरिटी द्वारा वाटिका चौक से NH- 48 तक (खेड़की दौला के पास) SPR के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 9.65 करोड़ रूपए खर्च होंगे.
लोगों को मिलेगी सुविधा
GMDA के मुख्य अभियंता अरूण धनखड़ ने कहा कि SPR गुरुग्राम के सबसे बिजी मार्गों में से एक है. यहां दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है. ऐसे में लोगों की सुविधा का ख्याल रखते हुए इस सड़क मार्ग का सुधारीकरण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि यहां मुख्य कैरिजवे को मजबूत करने के अलावा, इस कारिडोर पर नए स्लिप रोड भी बनाए जाएंगे ताकि यहां से गुजरने वाले यात्रियों को और राहत मिल सके.
सिग्नल फ्री कॉरिडोर
मुख्य अभियंता अरूण धनखड़ ने बताया कि GMDA द्वारा SPR के उन्नयन की योजना भी बनाई गई है, जिसमें वाटिका चौक से NH- 48 सीपीआर तक एक सिग्नल फ्री कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा जो कुशल गतिशीलता के लिए यातायात का दीर्घकालिक समाधान प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा.
उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड का निर्माण होने पर वाहनों के लिए एक अतिरिक्त सड़क मार्ग की व्यवस्था बनेगी. इससे जमीनी स्तर पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. ट्रैफिक का संचालन सुचारू रूप से जारी रहेगा और खासकर पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने में सफलता मिलेगी.
NH- 48 तक आसान होगी पहुंच
वाटिका चौक को NH- 48 से जोड़ने पर गुरुग्राम के दक्षिणी हिस्सों और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के बीच एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिससे दिल्ली, जयपुर और शहर के भीतर अन्य प्रमुख गंतव्यों तक आसानी से और तेजी से पहुंचने का रास्ता साफ हो सकेगा.
