गुरुग्राम | हरियाणा में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम से झज्जर स्टेट हाइवे के करीब 2 किलोमीटर लंबे हिस्से को दुरुस्त किया जाएगा. वर्तमान में यह हिस्सा खस्ताहाल स्थिति से जूझ रहा है, जिसके चलते यहां से आवागमन करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो चुका है.
जल्द शुरू होगा काम
PWD- B&R ने इस हिस्से के निर्माण कार्य को लेकर करीब 8 करोड़ रुपए का टेंडर एक कंपनी को आवंटित किया है. कंपनी एकाध दिन में इस काम को शुरू कर देगी और अगले साल की शुरुआत तक इसे पूरा कर लिया जाएगा.
खस्ताहाल स्थिति में सड़क मार्ग
द्वारका एक्सप्रेसवे के दोनों ओर गुरुग्राम- झज्जर स्टेट हाइवे खस्ताहाल स्थिति से जूझ रहा है. मानसूनी सीजन में इस हिस्से पर दो फीट तक जलभराव हो गया था. पिछले एक साल से झज्जर से गुरुग्राम की तरफ श्याम चौक से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे तक रोड बंद पड़ा है. ऐसे में झज्जर से आने वाले वाहनों को सेक्टर- 102 स्थित सनसिटी एवेन्यू और हेरिटेज मैक्स सोसायटी के सामने से डायवर्ट किया हुआ है.
पुलिया की बढ़ेगी चौड़ाई
गुरुग्राम- झज्जर स्टेट हाइवे पर धनकोट गांव के पास गुरुग्राम नहर पर साढ़े 7 मीटर चौड़ी एक और पुलिया निर्माण की योजना बनाई गई है. वर्तमान में यहां साढ़े 7 मीटर चौड़ी एक पुलिया हैं, लेकिन ट्रैफिक दबाव रहने की वजह से यहां अक्सर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है और कई और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. ऐसे में नई पुलिया के निर्माण को लेकर करीब साढ़े 3 करोड़ रुपए का एस्टीमेट PWD- B&R ने बनाया है.
