गुरुग्राम | साईबर सिटी गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में बसई रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के पास सेक्टर- 9 चौक (ग्रीनवुड स्कूल) पर ट्रैफिक जाम के झंझट को खत्म करने के लिए गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा बसई ROB के नीचे से यू- टर्न बनवाया जाएगा.
पीक आवर्स में भयंकर ट्रैफिक जाम
GMDA द्वारा द्वारका एक्सप्रेसवे से हीरो होंडा चौक को जोड़ने के लिए रेलवे लाइन पर बसई गांव में ROB का निर्माण करवाया गया है. इसके बाद, बसई गांव के चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है. अभी उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण होना है. वहीं, हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. इसके लिए टेंडर जारी किया जाएगा.
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सेक्टर- 9 चौक पर पीक आवर्स के दौरान भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. रोहतक और चंडीगढ़ जाने वाली बसें बस स्टैंड से शीतला माता मंदिर रोड, सेक्टर- 5 से सेक्टर- 9 से होते हुए बसई ROB से होकर जाती हैं. दूसरी ओर हीरो होंडा चौक की ओर से आने वाले भी द्वारका एक्सप्रेसवे और सेक्टर- 9 की ओर इसी चौक से जाते हैं. ऐसे में इस चौक पर सुबह- शाम भारी ट्रैफिक दबाव बना रहता है, जिसके चलते लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है.
ट्रैफिक पुलिस ने GMDA की मदद से पोर्टेबल ट्रैफिक लाइट का इंतजाम कराया है. GMDA के मुख्य महाप्रबंधक कर्नल आरडी सिंघल ने बताया कि बसई आरओबी के नीचे से यू- टर्न बनाकर हीरो होंडा चौक से सेक्टर- 9 जाने वाले वाहन चालकों के लिए इंतजाम कराया जाएगा. इससे लोगों को ट्रैफिक जाम की स्थिति से नहीं जूझना पड़ेगा.
