गुरुग्राम | वर्तमान में पूरे देश में जबरदस्त गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. ऐसे मौसम में पानी की खपत भी बढ़ जाती है, लेकिन कुछ लोग अपनी जिम्मेदारियां को न निभाते हुए लापरवाही बरतते हैं और पीने के पानी को बर्बाद करते हैं. ऐसे में अब हरियाणा के गुरुग्राम जिले (Gurugram Distrcit) पर प्रशासन ने सख्ती बरतने की ठान ली है. जो लोग पेयजल की बर्बादी करेंगे, अब उन लोगों के खिलाफ गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी सख्त कार्रवाई करने के मूड में नजर आ रहा है.
इनको दिया गया नोटिस
पानी का दुरुपयोग करने वाले लोगों के लिए जीएमडीए ने मेफील्ड गार्डन और वाटिका बिजनेस पार्क को नोटिस भेजा है. हाल ही में, अधिकारियों द्वारा सेक्टर- 51 स्थित मेफील्ड गार्डन (एन ब्लाक) और सेक्टर- 49 स्थित वाटिका बिजनेस पार्क का निरीक्षण किया गया. इस दौरान देखा गया कि यहां पीने के पानी को व्यर्थ बहाया जा रहा था.
23 अप्रैल को किया था निरक्षण
जीएमडीए द्वारा मेफील्ड गार्डन और वाटिका बिजनेस पार्क को नोटिस जारी करते हुए कहा गया है कि प्राधिकरण की टीम ने 23 अप्रैल को यहां का निरीक्षण किया गया था. इसमें देखा गया कि सरकारी जल आपूर्ति कनेक्शन जिस पानी की सप्लाई हो रही है. उसे बागवानी, लॉन में सिंचाई, निर्माण कार्यों और अन्य गैर जरूरी कामों में इस्तेमाल में लिया जा रहा है, जबकि इन सब कामों के लिए सीवर के शोधित पानी का इस्तेमाल किया जाना होता है.
पानी बर्बादी पर कटेगा कनेक्शन
इस पर प्राधिकरण ने सख्त रवैया अपनाते हुए चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इसी प्रकार जल के दुरुपयोग को नहीं रोका गया, तो संबंधित जल कनेक्शन को बिना किसी अन्य सूचना के काट दिया जाएगा. जीएमडीए के एक्सईएन अभिनव वर्मा ने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम को भी अनुरोध किया गया है कि दोषियों के कनेक्शन काटने या जुर्माना लगाने की कार्रवाई अमल में लाई जाए.
इस बारे में अधिकारियों का कहना है कि पीने के पानी का इस्तेमाल केवल पीने और घरेलू उपयोग के लिए किया जाना चाहिए. बाकी कामों में इस्तेमाल करने पर गंभीर उल्लंघन माना जाएगा. ऐसे में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
