ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने की तैयारियां, पहले इन सड़कों की बढ़ेगी चौड़ाई

गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार परियोजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने की तैयारियां शुरू हो गई है, लेकिन उससे पहले 332 किलोमीटर लंबी सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर हैबिटेट टेक्टोनिक्स आर्किटेक्चर एंड अर्बनिज्म प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सर्वे किया गया था, जिसके बाद गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) और हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (HMRTC) को चौड़ाई बढ़ने वाली सड़कों की विस्तृत जानकारी दी गई है.

Metro

जिन सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की आवश्यकता है, उनमें ज्यादातर सड़कें गुरुग्राम नगर निगम के दायरे में आती हैं. GMRL की तरफ से सर्वे की रिपोर्ट को GMDA, HSIIDC, गुरुग्राम नगर निगम, NHAI, PWD के अधिकारियों को सौंप दी गई है. यह विभाग सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने का काम करेंगे.

इन सड़कों की बढ़ेगी चौड़ाई

सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम नगर निगम की 182. 27 किलोमीटर, GMDA की 80.19 किमी, UDC की 17.07 किमी, NHAI की 23.34 किमी और लोक निर्माण विभाग की 11.57 किलोमीटर सड़कों को चौड़ा किया जाएगा. मेट्रो को बांध या इको ट्रेल से जोड़ने के लिए करीब 17 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा. बिल्डर एरिया में 3.40 किलोमीटर लंबे हिस्से की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी.

मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए जगह चिह्नित

GMRL की सिस्टा कंपनी ने 27 मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए जगह चिह्नित कर ली है. ये मेट्रो स्टेशन मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) साईबर सिटी तक बनेंगे. इन स्टेशन की कॉपी GMRL और GMDA को दी गई है. 28.5 किलोमीटर लंबे इस मेट्रो प्रोजेक्ट पर 5,452 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

मेट्रो निर्माण प्रोजेक्ट के तहत राव गजराज सिंह मार्ग और मेजर सुशील ऐमा समेत 8 प्रमुख सड़कों की भी चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने GMRL की बैठक में निर्देश दिए थे कि मेट्रो निर्माण रूट पर जहां सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की जरूरत है, उसे पूरा किया जाए ताकि ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से जारी रह सकें और निर्माण कार्य के दौरान लोगों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिल सकें. उन्होंने GMRL को इसी साल मई से मेट्रो निर्माण प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने के आदेश दिए हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.