गुरुग्राम के इफको चौक पर सड़क पार करना होगा आसान, सब- वे खुलने का इंतजार होगा खत्म

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बताया है कि इफको चौक पर बना पैदल सब- वे जल्द ही लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा. बता दें कि पिछले 6 साल से यह सब- वे बंद होने से लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ रही है. अब सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे खोलने का फैसला लिया गया है.

IFFCO Chowk Gurugram

NHAI के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सब- वे में सफाई और मेंटनेंस का काम बाकी है. लंबे समय से बंद होने के चलते यह जर्जर हालत में पहुंच चुका है. बारिश के दौरान जलभराव के चलते इसे बंद कर दिया जाता है, लेकिन अब इसे आने वाले दो से तीन दिन में लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा.

हादसों का खतरा

इफको चौक पर चारों ओर से ट्रैफिक आवागमन होने के चलते लोगों को सड़क पार करने में काफी समय लगता है. यहीं से दिल्ली- जयपुर हाइवे के लिए ट्रैफिक निकलता है. खासतौर से रात में इफको चौक से सुखराली या फिर एमजी रोड की तरफ आने में काफी दिक्कतें होती हैं. ऐसे में सड़क पार करते हुए हर समय हादसे का अंदेशा बना रहता है.

यह भी पढ़े -  द्वारका एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी, जानें क्या रहेगा रूट

पीक आवर्स में ट्रैफिक की समस्या

पीक आवर्स के दौरान यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. साथ ही, सड़क पार करने वालों की वजह से भी जाम और ज्यादा बढ़ जाता है. ऐसे में सब- वे खुलने से लोगों को राहत मिलेगी. बुधवार सुबह से ही सब- वे के आगे से बैरियर हटाकर शटर खोलने की तैयारियां शुरू हो चुकी है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.