भिवानी | हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड (HBSE) की तरफ से 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी हैं. 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन दो अप्रैल से शुरू होगा. मार्किंग पूर्ण रूप से सटीक और निष्पक्ष हो इसके लिए बोर्ड ने एक विस्तृत और निगरानी वाली मूल्यांकन प्रक्रिया लागू की है. हरियाणा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि ‘माध्यमिक (अकादमिक/ ओपन स्कूल) उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 2 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है.
HBSE
आगे बताते हुए हरियाणा बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि 10वीं कक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 6,969 शिक्षक नियुक्त हुए हैं. यह प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू होगी व 14 अप्रैल तक जारी रहेगी. वहीं, सीनियर सेकेंडरी (12वीं कक्षा) बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया 3 अप्रैल से शुरू होगी. यह 28 अप्रैल तक चलेगी. 12वीं बोर्ड परीक्षा की कॉपियां 52 केंद्रों पर करीबन 5,009 परीक्षकों द्वारा जांची जाएगी. बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के रिजल्ट मई के दूसरे हफ्ते तक घोषित किए जाएंगे.
25 फरवरी से शुरू हुई थी परीक्षाएं
जिसके बाद 10वीं के नतीजे जारी होंगे. बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि पहले दिन एक परीक्षक 15 कॉपियां जांचेगा. हर दिन 30 कॉपियां जांचनी होगी. इसके अतिरिक्त, चेक की गई कॉपियों में से 10 फीसदी कॉपियों की मुख्य परीक्षक की तरफ से रैंडमली समीक्षा की जाएगी. इस साल हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं 25 फरवरी को शुरू हुई थी. कक्षा 12 की परीक्षाएँ 1 अप्रैल को और कक्षा 10 की परीक्षाएँ 20 मार्च को खत्म हुई है.
ऑन स्क्रीन मार्किंग शुरू
हरियाणा बोर्ड अध्यक्ष ने पहले एक घोषणा में बताया था कि शिक्षा प्रणाली को ज्यादा आधुनिक, लचीला और समावेशी बनाने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार सक्रिय रूप से काम कर रहा है. चेयरमैन ने बताया कि 2026- 27 के परीक्षा चक्र से ऑन- स्क्रीन मार्किंग शुरू करने की तैयारियां पहले ही शुरू हो गई हैं. ऐसा करने से मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने और रिजल्ट जल्दी घोषित होने की संभावना है.
