भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने 12वीं पूरक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. इस बार भी लड़कियों ने अपने प्रदर्शन से बाजी मारी है. हालांकि, कुल पास प्रतिशत 71.90 प्रतिशत रहा है. इच्छुक विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर अपना परिणाम देख सकते हैं.
लड़कियों का रहा शानदार प्रदर्शन
इस बारे में जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष प्रो. डॉ. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार व सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि इस बार कुल 16,300 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी. इनमें 10,072 छात्र व 6,228 छात्राएं शामिल थीं. यह परीक्षा 4 जुलाई 2025 को प्रदेश के 65 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. छात्राओं का प्रदर्शन इस बार छात्रों से बेहतर रहा है.
ऐसा रहा परिणाम
छात्राओं में से 6,228 में से 4,513 ने परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि 1,648 को कंपार्टमेंट मिली है. छात्राओं का पास प्रतिशत 72.46 प्रतिशत रहा. वहीं, छात्रों में से 10,072 में से 7,206 पास हुए और 2,774 की कंपार्टमेंट आई. छात्रों का पास प्रतिशत 71.54 प्रतिशत रहा. जो विद्यार्थी अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच या मूल्यांकन के लिए परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के अंदर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
ऐसे करें रिजल्ट चेक
- सबसे पहले आपको हरियाणा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाना होगा.
- इसके बाद होम पेज पर दिए गए “Results” या “Examination Results” लिंक पर क्लिक करें.
- फिर “Senior Secondary Compartment Exam Result 2025” विकल्प को चुनें.
- अब अपना रोल नंबर और कैप्चा कोड भरें.
- इसके बाद, “सबमिट” बटन पर क्लिक करें, आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा.
- रिजल्ट को डाउनलोड करें और भविष्य के लिए अपने पास सुरक्षित रख लें.
