भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) के अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार और सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने जानकारी दी है कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2024 के लिए यदि किसी अभ्यर्थी ने एक ही लेवल में एक से अधिक बार ऑनलाइन आवेदन किया है, तो ऐसे सभी आवेदन रद्द किए जा सकते हैं. बोर्ड ने स्पष्ट रूप से कहा है कि एक लेवल में एक से अधिक आवेदन मान्य नहीं होंगे और इस गलती को समय रहते सुधारना जरूरी है.
वेबसाइट पर जारी की गई सूची
बोर्ड ने उन अभ्यर्थियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है, जिन्होंने एक से अधिक आवेदन किए हैं. ऐसे अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपनी स्थिति स्पष्ट करें. उन्हें 2 जुलाई 2025 तक अपना स्पष्टीकरण ईमेल के माध्यम से बोर्ड कार्यालय को भेजना होगा. अभ्यर्थियों को अपना जवाब ईमेल आईडी [email protected] पर भेजना अनिवार्य होगा. बोर्ड ने यह भी कहा कि अंतिम तिथि के बाद मिलने वाले किसी भी स्पष्टीकरण पर विचार नहीं किया जाएगा.
निर्धारित फॉर्म में ही मान्य होगा स्पष्टीकरण
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि सिर्फ वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित स्पष्टीकरण प्रपत्र के माध्यम से भेजा गया जवाब ही मान्य होगा. अभ्यर्थियों को यह फॉर्म डाउनलोड करके भरना होगा और उसी फॉर्म को दिए गए ईमेल पते पर भेजना होगा. ऐसा न करने की स्थिति में उनके आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे. इसलिए सभी संबंधित अभ्यर्थियों को चेतावनी दी जाती है कि वे समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उनका आवेदन निरस्त होने से बच सके.
