हिसार | हरियाणा सहित आसपास के राज्यों के किसानों के लिए HAU से एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि हिसार जिले में स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) में 23 और 24 मार्च का दो दिवसीय खरीफ कृषि मेला आयोजित किया जाएगा. इस मेले में प्रदेशभर के किसान, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी तथा विभिन्न विभाग और संस्थाएं भाग लेगी.
किसानों को दी जाएगी खरीफ फसलों की जानकारी
यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. बलदेव राज कंबोज ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को खरीफ की फसलों के बारे में उत्तम जानकारी देना है जिसमें फसलों की नई किस्म, उन्नत नई तकनीक, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कृषि यंत्रो की जानकारी शामिल है.
मेले के दौरान यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को धान, कपास, बाजरा, दलहन और तिलहन जैसी फसलों की उन्नत किस्मों और उनके वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी. किसानों के लिए फसल उत्पादन तकनीक, कीट एवं रोग नाशक, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी, पशुपालन और मधुमक्खी पालन से संबंधित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी.
वैज्ञानिक- किसान संवाद कार्यक्रम
विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि मेले के दौरान वैज्ञानिक- किसान संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा. इसमें किसान सीधे कृषि वैज्ञानिकों से अपनी समस्याओं की चर्चा कर सकेंगे और समाधान भी पूछ सकेंगे. सह- निदेशक कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि एग्रो- इंडस्ट्रियल प्रदर्शनी के लिए स्टॉल बुकिंग जल्द शुरू की जाएगी और तैयारियां विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुरू कर दी है.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदेश के किसानों से अधिक संख्या में मेले में भाग लेने की अपील की है ताकि वे नई तकनीकों और उन्नत किस्मों की जानकारी प्राप्त कर सके. मेला सुबह से लेकर शाम तक विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित होगा. इसमें सरकार की कृषि योजनाओं और सब्सिडी से जुड़ी जानकारी भी किसानों को दी जाएगी. यह मेला हिसार में हर साल आयोजित किया जाने वाला प्रमुख कृषि मेला है.
