हिसार के लिए खुशखबरी, स्मार्ट रोड के रूप में विकसित होंगे शहर के 2 प्रमुख मार्ग

हिसार | हरियाणा के हिसार जिले से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर की भीड़भाड़ और अव्यवस्थित यातायात के बीच अब शहर को व्यवस्थित, सुंदर और सुगम सड़कों की नई पहचान देने की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है. सीएम नायब सैनी की महत्वाकांक्षी राइट- ऑफ- वे परियोजना के तहत हिसार शहर में दो प्रमुख सड़क मार्गों रेलवे स्टेशन रोड और एनडी गुप्ता अस्पताल रोड को स्मार्ट रोड के रूप में चिह्नित कर विकसित करने की तैयारियां शुरू हो गई है. नगर निगम की इंजिनियरिंग विंग ने XEN अमित कौशिक के नेतृत्व में इन सड़क मार्गों के नक्शे तैयार करने का काम शुरू कर दिया है.

Sadak Road 3

इस परियोजना का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है बल्कि शहर को अवैध कब्जों और अतिक्रमण से मुक्त कर आधुनिक शहरी यातायात व्यवस्था की ओर अग्रसर करना भी है. इन मार्गों पर पैदल यात्रियों, वाहन चालकों और व्यापारिक गतिविधियों के बीच संतुलित एवं सुरक्षित वातावरण स्थापित किया जाएगा.

2 प्रमुख मार्गों से होगी शुरुआत

  • पहला मार्ग रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से पुल के साथ लगते मार्ग से होते हुए रेलवे स्टेशन रोड.
  • दूसरा मार्ग दिल्ली रोड से मॉडल टाउन गुरुद्वारा, एनडी गुप्ता अस्पताल होते हुए जयपुर अस्पताल की दिशा तक का मार्ग. मॉडल टाउन के इस मार्ग पर जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय भी है. इन दोनों सड़कों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है.

स्मार्ट रोड की खासियतें

  • परियोजना के तहत सबसे पहले दोनों मार्गों के किनारों से अवैध कब्जे और अतिक्रमण हटाए जाएंगे. इसके बाद प्रतिष्ठानों की दीवारों के साथ- साथ दोनों ओर करीब 4 फीट चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे ताकि पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता मिल सके.
  • फुटपाथों के साथ स्टील ग्रिल और चेन लगाने की योजना भी बनाई जा रही है. वहीं, उपलब्ध स्थान के अनुसार व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे, जिससे सड़क पर अव्यवस्थित वाहन खड़े होने की समस्या कम होगी.
  • सड़क की वर्तमान चौडाई को ध्यान में रखते हुए जहां क्षतिग्रस्त है वहां पर पुनर्निर्माण किया जाएगा. आकर्षक रंगीन लाइटिंग के माध्यम से इन मार्गों को रात्रि में भी आधुनिक स्वरूप देने की योजना है.
यह भी पढ़े -  Asha School Hisar Jobs: हिसार में इन पदों पर निकली भर्ती, फटाफट करें आवेदन

50 किलोमीटर सड़क नेटवर्क बनेगा स्मार्ट

राज्य सरकार ने पहले चरण में प्रदेश की विभिन्न निकायों में 1,000 किलोमीटर सड़कों को राइट- ऑफ- वे परियोजना के अंतर्गत स्मार्ट रोड में परिवर्तित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसी क्रम में हिसार नगर निगम को 50 किलोमीटर लंबाई के मार्गों को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने की जिम्मेदारी मिली है. वर्तमान में दो प्रमुख मार्गों से शुरुआत की जा रही है जबकि आगामी चरणों में शहर के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों को भी परियोजना में शामिल किया जाएगा. इस योजना पर 3 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी जिसके बाद पैदल यात्रियों से लेकर वाहन चालकों के लिए भी सफर करने में आसानी हो जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.