हिसार | भाई- बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. त्योहार पर महिलाओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ से निजात दिलाने और सफर को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 2 स्पेशल ट्रेनें संचालित करने का फैसला लिया गया है. इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि राजस्थान व महाराष्ट्र के यात्रियों को भी फायदा पहुंचेगा. इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से त्यौहार पर यात्रियों के लिए घर का सफर आसान हो जाएगा.
हिसार- हड़पसर सुपरफास्ट ट्रेन
उत्तर- पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 04725, हिसार- हडपसर सुपरफास्ट स्पेशल रेलसेवा 10 अगस्त यानि रविवार को हिसार से सुबह 5.50 बजे रवाना होकर सोमवार को सुबह 10.45 बजे महाराष्ट्र के हडपसर पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04726, हडपसर-हिसार सुपरफास्ट स्पेशल रेलसेवा 11 अगस्त सोमवार को हडपसर से शाम 5 बजे रवाना होकर मंगलवार को रात 10.25 बजे हिसार पहुंचेगी.
राजस्थान के लिए स्पेशल 3 ट्रिप
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 09639, मदार- रोहतक स्पेशल (प्रतिदिन) रेलसेवा 8 से 10 अगस्त तक (3 ट्रिप) मदार से रोजाना सुबह साढ़े 4 बजे रवाना होकर दोपहर 12.50 बजे रोहतक पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09640, रोहतक- मदार स्पेशल (प्रतिदिन) रेलसेवा 8 से 10 अगस्त तक (3 ट्रिप) रोहतक से प्रतिदिन दोपहर 1.20 बजे रवाना होकर रात 10.35 बजे मदार पहुंचेगी.
उन्होंने बताया कि पहले भी त्योहारों पर मदार स्पेशल ट्रेन को चलाया जाता रहा है. यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए रेलवे द्वारा निरंतर स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाती रही है, ताकि यात्री आसानी से सफर करते हुए अपने घर पहुंच कर त्यौहारों को खुशी- खुशी मना सकें.
