हिसार | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने हिसार जिले के 2 गांवों को महाग्राम योजना में शामिल कर दिया है. लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि सीएम नायब सैनी ने नलवा विधानसभा क्षेत्र के गांव आर्य नगर और मंगाली को महा ग्राम योजना में शामिल करने की घोषणा की है. इन गांवों में अब शहरी सुविधाओं की तर्ज पर पब्लिक पार्क, स्ट्रीट लाइट, सिटी बस सेवा इत्यादि का लाभ मिलेगा. इसके अलावा, पेयजल व सीवरेज कनेक्शन, ट्रीटमेंट प्लांट, पक्की सड़कें, स्वास्थ्य सेवाएं आदि पर तेजी से काम होगा.
पलायन रोकने में मिलेगी मदद
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि महा ग्राम योजना के तहत 10 हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों में शहरों की तर्ज पर बुनियादी सुविधाओं का ढांचा मजबूत किया जाएगा. इसके लिए चरणबद्ध तरीके से काम होगा. इसमें पब्लिक हेल्थ, विकास एवं पंचायत, पीडब्ल्यूडी, बिजली, सिंचाई व मार्केटिंग बोर्ड जैसे विभागों को शामिल किया गया है. उन्होंने कहा कि यदि गांवों में शहरों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा तो गांवों से शहरों की ओर हो रहे पलायन को रोकने में मदद मिलेगी.
आर्य नगर की पहचान
आर्य नगर का पुराना नाम कुरड़ी हुआ करता था. इस गांव के वरिष्ठ नेता रामजीलाल दो बार कांग्रेस पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद रहे थे. रामजीलाल के परिवार की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल से बेहद घनिष्ठ संबंध रहे हैं. बिश्नोई परिवार को आदमपुर विधानसभा सीट पर हराने वाले कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रप्रकाश भी आर्य नगर से संबंध रखते हैं.
कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि मैं अपने गांव में विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा. खेल, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करूंगा, ताकि उनका भविष्य उज्जवल हो सकें.
मंगाली गांव की पहचान
हिसार जिले के मंगाली गांव की पहचान बड़े गांवों के रूप में होती है. इस गांव में 5 पंचायतें बनती है. आज भी इस गांव में श्मशान घाट के बीचोंबीच चैतंग नदी के अवशेष मौजूद हैं. इस गांव को विशेष पहचान फुटबॉल खेल की बदौलत मिली है. गांव से 100 के करीब लड़कियां ऐसी है, जो राष्ट्रीय स्तर पर जीतकर आई है. वहीं, फुटबॉल में ही इंटरनेशनल लेवल पर पहुंच कर भारत का गौरव बढ़ाने वाली 8 लड़कियां भी इसी गांव से हैं.
