हिसार | हरियाणा के हिसार जिले की जनता के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि गांव मिर्जापुर में 33 kV बिजली सब-स्टेशन का विधिवत शुभारंभ हो गया है. करीब 2 एकड़ जमीन पर बने इस नए बिजली घर से मिर्जापुर ही नहीं बल्कि साथ लगते गांवों घिराय, खरखड़ी, खोखा, नियाणा, रायपुर, शिकारपुर और रायपुर ढाणी आदि गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर हो जाएगी.

सब- स्टेशन के शुभारंभ अवसर पर बिजली निगम के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल किसी गांव की बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई है. तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद चरणबद् तरीके से अगले 10 दिनों के भीतर उपरोक्त गांवों की सप्लाई को मिर्जापुर के 33 kV सब- स्टेशन से जोड़ दिया जाएगा.
आधा दर्जन गांवों को मिलेगा फायदा
उन्होंने बताया कि इससे इन गांवों की आबादी में गर्मी के मौसम में लो वोल्टेज ड्रामा बार- बार बिजली कटौती की समस्या से छुटकारा मिलेगा. निगम उपमंडल अधिकारी संदीप शर्मा ने बताया कि लोड के चलते इन गांवों के लोगों को बिजली के लंबे-लंबे कटों से जूझना पड़ रहा था. खासकर रात के समय तो यह परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती थी लेकिन अब इस समस्या से राहत मिलने की पूरी उम्मीद जग उठी है.
इस नए बिजली सब- स्टेशन के शुभारंभ के मौके पर उपमंडल अधिकारी संदीप शर्मा सहित निगम के कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी, मिर्जापुर की दोनों ग्राम पंचायतों के सरपंच, नियाणा से समाजसेवी भाई रवींद्र राणा और माप एवं संरक्षण उपमंडल अधिकारी हितेश आदि मौजूद रहे.
नियाणा के चहुंमुखी विकास को लेकर प्रयासरत
समाजसेवी रविंद्र राणा ने बिजली सब- स्टेशन के शुभारंभ पर खुशी जाहिर करते हुए बिजली निगम का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि इससे हमारे गांव नियाणा को भी फायदा पहुंचेगा. हमारे गांव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में जबरदस्त सुधार देखने को मिलेगा. उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से गांव में बिजली- पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर निरंतर प्रयास जारी हैं.