हिसार | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Depratment) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में प्रदेश के कई बड़े शहरों में सिटी बस सेवा के रूप में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है. इन बसों में ऑटो- रिक्शा की बजाय किराया कम लगता है. दूसरा शहर से पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलती है, तो ग्रीन पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है.
हिसार को मिलेगी नई इलेक्ट्रिक बसें
सूबे की नायब सैनी सरकार ने हिसार नगर निगम को 50 नई इलेक्ट्रिक बसें देने का फैसला लिया है. हिसार शहर के मेयर प्रवीण पोपली ने बताया कि यह योजना राज्य के 10 प्रमुख नगर निगमों में ई-बसों की तैनाती का हिस्सा है. इससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और प्रदूषण- मुक्त परिवहन की सुविधा मिलेगी.
उन्होंने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसें आने पर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकेगा. लोगों को शहर के विभिन्न रूटों पर आवागमन के लिए फटाफट सिटी बस सेवा की सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल हरियाणा को स्वच्छ और हरित राज्य बनाने की सोच को भी दर्शाती है.
इलेक्ट्रिक बस डिपो होगा विकसित
डिपो महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि रोडवेज वर्कशॉप की लगभग 3 एकड़ भूमि पर इलेक्ट्रिक बस डिपो विकसित किया जाएगा. इसमें बस वर्कशॉप, दो मंजिला भवन, 9 चार्जिंग प्वाइंट, ड्राइवर और कंडक्टर के लिए रेस्ट रूम व शौचालय जैसी सुविधाएं शामिल होंगी. हिसार शहर में 50 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की योजना है. वर्तमान में दो रूटों पर 5 बसों का संचालन हो रहा हैं. उन्होंने बताया कि नई बसों को सातरोड, अग्रोहा, चंदन नगर, गंगवा आदि रूटों पर चलाया जाएगा.
