हिसार | हरियाणा के हिसार जिले से भक्तों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां हांसी शहर में चोपटा के नजदीक स्थित ऐतिहासिक भगवान विष्णु मंदिर में भगवान विष्णु की लगभग 94 साल पुरानी मूर्ति की स्थापना की गई है. इस दौरान मंदिर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर ही नहीं बल्कि दूरदराज क्षेत्रों से लोग भगवान विष्णु के दर्शन करने पहुंचे.
किले की खुदाई में मिली थी मूर्ति
मंदिर ट्रस्ट के सचिव प्रवीण बंसल ने बताया कि इस मंदिर के निर्माण कार्य में लगभग 15 महीने का समय लगा है. मंदिर परिसर के निर्माण में वहीं विशेष पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है जो अयोध्या के श्री राम मंदिर में लगाए गए हैं. उन्होंने बताया कि इस मंदिर को नक्काशी और पारंपरिक स्थापत्य कला के माध्यम से भव्य रूप दिया गया है.
बीजेपी के जिला महामंत्री धर्मवीर सिंह ने बताया कि भगवान विष्णु की यह मूर्ति हांसी किले की खुदाई के दौरान मिली थी. तत्कालीन नेता मदन मोहन मालवीय इस मूर्ति को बनारस ले जाना चाहते थे लेकिन स्थानीय भक्तों की इच्छा पर मूर्ति को यहीं स्थापित किया गया था और अब उसी मूर्ति को नवनिर्मित मंदिर परिसर में पुनः प्रतिष्ठित किया गया है.
भजन- कीर्तन और प्रसाद वितरण
इस शुभ अवसर पर कलकत्ता हाईकोर्ट के न्यायाधीश दिनेश शर्मा भी उपस्थित रहे. उन्होंने भगवान विष्णु के दर्शन किए और मंदिर की स्थापत्य कला को जमकर सराहा. बता दें कि उनके परिवार ने ही इस मंदिर के लिए जमीन दान की थी और अब मंदिर निर्माण कार्य में भी उनके परिवार का सहयोग ट्रस्ट को मिला है. इस खास मौके पर मंदिर प्रांगण में हवन, भजन- कीर्तन और प्रसाद वितरण किया गया. श्रद्धालुओं ने इसे एक गौरवमई पल बताया और कहा कि अब मंदिर पहले से ज्यादा आकर्षक स्वरूप में दिखाई देने लगा है.
