हिसार | संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर हरियाणा (Haryana) को बड़ी सौगात मिली है. 1966 में पंजाब से अलग होकर नया राज्य बने हरियाणा को 58 साल बाद अपने पहले एयरपोर्ट का तोहफा मिल गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज इसका उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने हिसार से अयोध्या जाने वाली पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यहां आपको हिसार एयरपोर्ट से हवाई जहाज का किराया, टाइमिंग, बुकिंग आदि से जुड़ी तमाम जानकारियां दे रहे हैं.
इन शहरों के लिए उड़ेंगे जहाज
14 अप्रैल यानि आज से हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से नियमित हवाई उड़ान शुरू हो गई है. फिलहाल अयोध्या और दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू की गई है. बाद में जयपुर, अहमदाबाद, चंडीगढ़ और जम्मू के लिए हवाई सेवा शुरू की जाएगी. यहां पर हवाई सेवा के लिए हरियाणा सरकार और एलायंस एयर एविएशन विमानन कंपनी के बीच समझौता हुआ है. इस विमान में एक बार में 70 यात्री सफर कर सकेंगे.
किराया और टाइमिंग
हवाई जहाज का किराया टिकटों की मांग, फ्लाइट्स की संख्या, सीजन और यात्रा के समय पर निर्भर करती है. बुकिंग बढ़ने और फ्लाइट्स की संख्या कम होने पर टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी हो जाती है. यदि किसी रूट पर फ्लाइट्स की संख्या ज्यादा है तो कंपीटिशन के चलते टिकट की कीमत कम रह सकती है. फिलहाल हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या का न्यूनतम किराया 3200 रुपए हैं. अयोध्या से हिसार का किराया 3730 रुपए हैं. वहीं, हिसार से दिल्ली का किराया 1300 रुपए रहेगा.
हिसार एयरपोर्ट से सप्ताह में दो बार अयोध्या और दिल्ली के लिए हवाई उड़ान रहेगी. हिसार से अयोध्या के लिए सुबह 10.35 बजे हवाई जहाज उड़ेगा और दो घंटे बाद अयोध्या पहुंच जायेगा. हिसार से दिल्ली का समय दोपहर 03.25 रहेगा. यह विमान 40 मिनट बाद दिल्ली पहुंच जाएगा. हिसार से फ्लाइट लेने के लिए करीब 2 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा. हिसार एयरपोर्ट सिरसा-दिल्ली नेशनल हाईवे नंबर- 9 पर स्थित है.
बुकिंग करने का तरीका
विमानन कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट https://www.allianceair.in/ पर क्लिक कर टिकट बुक कर सकते हैं. इसके अलावा Make My Trip जैसी ट्रैवल वेबसाइट्स से भी टिकट बुकिंग हो सकेगी. 15 किलोग्राम भारवर्ग तक के सामान पर कोई अतिरिक्त किराया नहीं लगेगा. इससे ज्यादा वजन होने पर अतिरिक्त भार के हिसाब से किराया देना होगा.
3 किग्रा ज्यादा होने पर 1350 रुपए, 5 किलो ज्यादा होने पर 2250 रुपए, 10 किलो ज्यादा होने पर साढ़े 4 हजार रुपए, 15 किलो ज्यादा होने पर 6750 रुपए, 20 किलो ज्यादा होने पर 9 हजार रुपए और 30 किलो ज्यादा होने पर साढ़े 13 हजार रुपए अतिरिक्त चुकाने होंगे. कोई भी नशीली दवा, पान के पत्ते, जड़ी- बूटियां, नुकीली चीजें, घर का बना खाना (वेज- नॉनवेज) के अलावा 100 ML से ज्यादा तरल पदार्थ, बीड़ी- सिगरेट और तंबाकू जैसी चीजें साथ ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा.
