हिसार | हरियाणा के एकमात्र हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वालों के लिए एक नई अपडेट सामने आई है. यहां न केवल हवाई सेवाओं के संचालन समय में बदलाव किया गया है बल्कि विभिन्न रूटों पर फ्लाइट्स के किराए में भी बढ़ोतरी हुई है. इससे यात्रियों को अब हवाई सफर करने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा जेब ढीली करनी होगी.

जयपुर के लिए नया टाइम- टेबल जारी
जयपुर के लिए संचालित होने वाली हवाई सेवाओं के दिन और समय दोनों में ही बदलाव किया गया है. पहले जयपुर के लिए हवाई जहाज सोमवार व बुधवार को उड़ती थी लेकिन अब इस सेवा का लाभ मंगलवार और वीरवार को मिलेगा. इसके साथ ही संचालन समय में भी बदलाव किया गया है.
पहले हिसार एयरपोर्ट से जयपुर के लिए हवाई जहाज दोपहर 02.35 बजे उड़ान भरकर 03.35 बजे जयपुर लैंड करता था लेकिन अब इस समय में बदलाव किया गया है. आगामी 1 मई से जयपुर के लिए हवाई जहाज शाम साढ़े 4 बजे उड़ान भरकर साढ़े 5 बजे जयपुर पहुंचेगा.
देखें किराया
| रूट | पुराना किराया | नया किराया | वृद्धि |
|---|---|---|---|
| हिसार से जयपुर | 2400 | 3000 | 25% |
| हिसार से चंडीगढ़ | 2135 | 2450 | 14.7% |
| हिसार से दिल्ली | 1991 | 2306 | 15.8% |
| हिसार से अयोध्या | 5075 | 5495 | 8.2% |
किराए में हुई बढ़ोतरी
1 मई से हिसार एयरपोर्ट से यात्रा करने पर अब जेब और ज्यादा ढीली करनी होगी. बता दें कि जयपुर रूट पर किराए में 600 रुपए की बढ़ोतरी हुई है जिसके बाद टिकट की कीमत 3 हजार रुपए हो गई है. वहीं, अयोध्या रूट पर किराया 5,075 रुपए से बढ़कर 5,495 रुपए हो गया है. वहीं, दिल्ली के लिए टिकट की कीमत अब 2,306 रुपए हो गई है जबकि पहले 1,991 रुपए देने पड़ते थे. चंडीगढ़ का नया किराया 2,450 रुपए हो गया है जबकि पहले टिकट की कीमत 2,135 रुपए थी.
हिसार एयरपोर्ट ऑथोरिटी ने बताया कि वित्त मंत्रालय ने जेट फ्यूल पर ड्यूटी चार्ज साढ़े 29 रुपए से बढ़ाकर 42 रुपए प्रति लीटर कर दिया है. वहीं, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते इंटरनेशनल बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है. इन्हीं वजहों के चलते हवाई किराए में बढ़ोतरी की गई है.