हिसार | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में हिसार रोडवेज डिपो ने राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर के लिए एक और नई बस सेवा को हरी झंडी दिखा दी है. इस रूट पर लगातार यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
यह रहेगा शेड्यूल
हिसार रोडवेज डिपो के ड्यूटी इंचार्ज सरवन ने बताया कि हिसार से जयपुर रूट पर एक और नई बस का संचालन शुरू किया गया है. यह बस प्रतिदिन 03.50 बजे हिसार बस स्टैंड से रवाना होकर शाम साढ़े 7 बजे जयपुर पहुंचेगी. इस बस में जयपुर के लिए प्रति व्यक्ति किराया 380 रुपए निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि हिसार से जयपुर रूट पर हरियाणा और राजस्थान रोडवेज की 11 बसें संचालित हो रही है.
हिसार- जयपुर रूट पर बसों का टाइमटेबल
- सुबह 05.50 बजे हरियाणा रोडवेज भिवानी के रास्ते जयपुर का सफर तय करेगी.
- सुबह 06.20 और 07.50 बजे राजस्थान रोडवेज बस राजगढ़ के रास्ते जयपुर जाएगी.
- सुबह 9 बजे हरियाणा रोडवेज राजगढ़ के रास्ते और सुबह 10 बजे भिवानी के रास्ते हरियाणा रोडवेज की बस जयपुर के लिए संचालित होगी.
- सुबह साढ़े 10 बजे, दोपहर 12 बजे और दोपहर 1 बजे हरियाणा रोडवेज भिवानी के रास्ते जयपुर पहुंचेगी.
- दोपहर 2 बजे और 3 बजे हरियाणा रोडवेज की बस राजगढ़ के रास्ते जयपुर का सफर पूरा करेगी.
- रात 09.12 बजे हरियाणा रोडवेज की बस राजगढ़ होते हुए जयपुर का सफर तय करेगी.
बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास
हिसार रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. जिस रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है वहां नई बसें चलाई जा रही है, ताकि यात्रियों का सफर आरामदायक हो सकें. ज्यादा- से- ज्यादा लोग सीटों पर बैठकर बेहतर सफर का अनुभव ले सकें, विभाग की यहीं कोशिश हैं.
