हिसार | हरियाणा में बिना दहेज लिए की गई एक और शादी चौतरफा प्रसंशा बटोर रही है. यहां नारनौंद में दहेज प्रथा के खिलाफ मुहिम को मजबूत करते हुए दूल्हे ने शगुन के तौर पर मात्र 1 रुपया लेकर शादी की. उन्होंने दुल्हन पक्ष की ओर से दहेज में दी जा रही 11 लाख की नकद राशि को वापस लौटा दिया. लड़के पक्ष की इस सराहनीय पहल का मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया.
लड़के के परिवार को सम्मानित
मिली जानकारी के अनुसार, नारनौंद निवासी मोहित लोहान की शादी बरवाला की सुनैना से हुई है. सगाई की रस्म अदायगी के दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने दहेज के रूप में 11 लाख रुपए की नकद राशि दी, लेकिन दूल्हे मोहित ने इसे वापस लौटा दिया. उन्होंने कहा कि शादी एक पवित्र संस्कार है, व्यापार नहीं. इस सराहनीय कदम के लिए दादा देवराज लोहान जनहित एवं खेलकूद समिति ने मोहित और उनके परिवार को सम्मानित किया.
इस अवसर पर मोहित लोहान के पिता मास्टर वजीर सिंह ने कहा कि रिश्ता दो परिवारों का मिलन होता है ना कि लेन- देन. इसलिए उन्होंने दहेज लेने से इंकार कर दिया. एक पिता अपनी बेटी देता है, उससे बड़ा दहेज कुछ नहीं होता है. दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ मुहिम में सबको मिलकर सहयोग करना होगा, तभी इसमें सफलता मिल सकती है.
पहल की सराहना
बिना दहेज की गई मोहित लोहान की शादी नारनौंद और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. समाजसेवी संस्थाएं और आम लोग इस सराहनीय पहल की सराहना करते नही थक रहे हैं. इस कदम ने यह संदेश दिया है कि अगर समाज ठान लें तो दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है.
