हिसार | हरियाणा के हिसार शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में यहां शहर के बीचोंबीच स्थित रेड और ग्रीन स्क्वायर मार्केट के 51 साल पुराने ओवरब्रिज की तस्वीर बदलने की तैयारियां शुरू हो गई है. लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस पुल को नए सिरे से विकसित करने की व्यापक योजना बनाई गई है.
हिसार की खूबसूरती में लगेंगे चार- चांद
प्रस्तावित योजना के तहत, पुल की ऊंचाई 5.05 मीटर से बढ़ाकर 6.55 मीटर की जाएगी ताकि इलेक्ट्रिक ट्रेनों के लिए इसके नीचे से गुजरते समय कोई बाधा उत्पन्न न हो. साथ ही रेलवे हिस्से की लंबाई 15.60 मीटर से बढ़ाकर लगभग 45 मीटर करने का खाका तैयार किया गया है.
इस ओवरब्रिज को कैमरी रोड पुल की तर्ज पर एक आधुनिक और सुदृढ़ संरचना के रूप में विकसित किया जाएगा. इससे न केवल ट्रैफिक संचालन में सुधार आएगा बल्कि शहर की खूबसूरती में भी चार- चांद लगेंगे. रेलवे विभाग द्वारा अपने हिस्से के डिजाइन को लगभग अंतिम रुप दे दिया गया है जबकि लोक निर्माण विभाग (B & R) की ओर से उठाई गई तकनीकी आपत्तियों पर रेलवे की ओर से विचार- विमर्श जारी है. इन आपत्तियों को दूर करते ही धरातल पर काम शुरू कर दिया जाएगा.
ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
वर्तमान में 455.6 मीटर लंबे इस ओवरब्रिज की मौजूदा स्थिति की बात करें तो इसमें डाकघर की ओर 264 मीटर और लक्ष्मीबाई चौक की ओर 176 मीटर हिस्सा शामिल हैं जबकि बीच में लगभग साढ़े 15 मीटर हिस्सा रेलवे का पड़ता है. अब इसके विस्तारीकरण के तहत इसकी कुल लंबाई को बढ़ाकर कैमरी रोड ओवरब्रिज (लगभग 640 मीटर) के समकक्ष लाने की योजना बनाई गई है. इससे ट्रैफिक दबाव को संतुलित बनाने में मदद मिलेगी और वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चलती रहेगी.
इस परियोजना के तहत केवल ओवरब्रिज का विस्तार ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देने की योजना भी बनाई गई है. B& R विभाग ने अग्रसेन भवन और रामपुरा मोहल्ले की ओर रास्ता उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है. इसके समाधान के रूप में रेलवे ने अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव रखा है. इसके निर्माण से स्थानीय लोगों को आवाजाही में और बेहतर सुविधा मिलेगी और उन्हें वर्तमान की तरह परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी. इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा.
