हिसार | हरियाणा के हिसार जिले और आसपास के निवासियों के लिए अच्छी खबर है. यहां 9 जून 2025 से चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा की शुरुआत की जा सकती है. हालांकि, इसका एक तरफ का किराया ₹2500 से ₹3000 तक हो सकता है. वर्तमान में यहां से केवल अयोध्या के लिए विमान सेवा जारी है. धीरे- धीरे इनका विस्तार किया जा रहा है. इसी कड़ी में अब हिसार से चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा की शुरुआत की जाएगी.
सिर्फ 45 मिनट में तय होगी दूरी
हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ एयरपोर्ट के बीच 252 किलोमीटर की दूरी है, जिसे विमान सेवा द्वारा केवल 45 मिनट में तय किया जा सकेगा. विमान का शेड्यूल क्या होगा, यह अभी जारी नहीं किया गया है. ऐसा माना जा रहा है कि इस सेवा की शुरुआत प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कर सकते हैं. हिसार से चंडीगढ़ जाने के लिए बस से जहां 4 से 5 घंटे का समय लगता है. वहीं, ट्रेन से लगभग 7 घंटे लगते हैं, लेकिन विमान सेवा शुरू होने के बाद यह दूरी केवल 45 मिनट में तय की जा सकेगी.
इतना होगा किराया
पिछले साल ही हरियाणा सरकार द्वारा एलायंस एयर के साथ अयोध्या, चंडीगढ़, जयपुर, अहमदाबाद और जम्मू के लिए विमान सेवा शुरू करने के लिए एमओयू पर साइन किया गया था. इसके तहत, कंपनी ने चरणबद्ध तरीके से विमान सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य तय किया था. यहां से अभी अयोध्या के लिए विमान सेवा जारी है. जल्द ही, चंडीगढ़ के लिए भी सेवा शुरू कर दी जाएगी. इसका एक तरफ का किराया ढाई हजार से ₹3000 तक हो सकता है.
