हिसार | हरियाणा के हिसार जिले को बहुत बड़ी सौगात मिलने की संभावना जताई जा रही है. बता दें कि हरियाणा में बहुत जल्द भारतीय प्रोद्योगिकी संस्थान (IIT) खोला जा सकता हैं और राज्य सरकार ने भी इस दिशा में कार्यवाही शुरू कर दी है. लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने इसके लिए हिसार में 300 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव सरकार को दिया है. राज्य में IIT नहीं होने से ज्यादातर स्टूडेंट्स रुड़की (उत्तराखंड), बेंगलुरु, हैदराबाद या दक्षिण भारत में जाते हैं.
CM को सौंपा विजन डॉक्यूमेंट
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया था. इस पर सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद केंद्र ने हरियाणा को पत्र लिखा था, लेकिन अभी तक हरियाणा में IIT के लिए जमीन का चयन नहीं किया जा सका है. अब कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा सीएम नायब सैनी को पत्र लिखकर एक विजन डॉक्यूमेंट सौंपा है.
इस साल की शुरूआत में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय से निर्देश मिलने के बाद तकनीकी शिक्षा विभाग ने हरियाणा में IIT के लिए प्रयास शुरू किए थे. तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक ने प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों को पत्र लिखकर जगह की मांग की थी. इस प्रोजेक्ट में अनुकूल जमीन अधिग्रहण की समस्या ही आड़े आ रही है.
हिसार सबसे उपयुक्त जगह
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ- साथ केंद्र सरकार से भी इस विषय में बातचीत हुई है. हिसार में राजकीय पशुधन फार्म (जीएलएफ) की लगभग 10 हजार एकड़ से अधिक खाली भूमि उपलब्ध है, जिसका अभी कोई उपयोग नहीं हो रहा है. ऐसे में यहां पर IIT बन सकती है. हिसार में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय और लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) हैं. इसके अतिरिक्त, यहां महाराज अग्रसेन एयरपोर्ट भी है. इससे शहर की कनेक्टिविटी अच्छी है. उन्होंने कहा कि IIT के लिए हिसार प्रदेश में सबसे उपयुक्त जगह है.
