हिसार | महाराजा अग्रसेन अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां अस्पताल में पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स ने सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन लैब का उद्घाटन कर हिसार, फतेहाबाद, सिरसा सहित आसपास के क्षेत्रों को बड़ी सौगात दी है. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार (Haryana Govt) और जिंदल परिवार के सहयोग से तैयार हुई नवनिर्मित लैब अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए वरदान साबित होगी.
एक ही जगह पर सारे टेस्ट की सुविधा
पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स ने कहा कि महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज परिवार का यह प्रयास रहा है कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को सभी तरह की चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलें और उच्च स्तर का स्वास्थ्य लाभ देते हुए उनका उपचार किया जाए.
महाविद्यालय के प्रशासनिक निदेशक डॉ आशुतोष शर्मा ने बताया कि सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन लैब तैयार होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों को सारे टेस्ट की सुविधा एक ही जगह पर उपलब्ध कराई गई है. उन्हें अलग- अलग जगहों पर भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इस लैब में माडर्न मशीनों द्वारा सटीक रिपोर्ट भी आएगी.
मरीजों को मिलेगा फायदा
डॉ. आशुतोष शर्मा ने बताया कि सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन लैब में पैथोलॉजी लैब, माइक्रोबायोलॉजी लैब और बायो केमेस्ट्री लैब को एक साथ स्थापित किया गया है. इसके चलते अब सभी टेस्ट एक ही स्थान पर हो सकेंगे. मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आने वाले लोगों को इसका फायदा होगा.
