हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां गंगवा गांव पार राजगढ़ रोड से देवा कट के नजदीक से नये रिंग रोड की शुरुआत होगी. यह रिंग रोड 41 किलोमीटर लंबा होगा. यह रिंग रोड दो दर्जन गांवों के नजदीक से निकलेगा. सीएम नायब सैनी ने हिसार शहर की इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी है.
1,900 करोड़ रुपए आएगी लागत
यह रिंग रोड हिसार- राजगढ़ रोड से शुरू होकर हिसार- दिल्ली रोड को पार करते हुए हिसार-कैथल चंडीगढ़ रोड पर जुड़ेगा. इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1900 करोड़ रुपए आंकी गई है, जिसमें से 1 हजार करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण और शेष निर्माण कार्य पर खर्च होंगे. करीब 270 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी. रिंग रोड निर्माण से हिसार के यातायात को बड़ी राहत मिलेगी. खासकर भारी वाहनों को शहर के बीच से नहीं गुजरना पड़ेगा.
लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को NHAI तैयार करेगी. प्रोजेक्ट पर जो खर्च आएगा यानि जमीन अधिग्रहण का आधा खर्च करीब 500 करोड़ रुपए प्रदेश सरकार वहन करेगी, जबकि शेष बजट केंद्र सरकार से आएगा. यह रिंग रोड हिसार के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लिए फायदेमंद साबित होगा.
वैकल्पिक मार्ग की मिलेगी सुविधा
वर्तमान में हिसार में चंडीगढ़ रोड से सिरसा रोड और फिर राजगढ़ रोड तक बाइपास है, लेकिन दिल्ली रोड और चंडीगढ़ रोड के बीच कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं था. पिछले कुछ सालों से रिंग रोड के निर्माण मांग उठ रही थी, जो अब पूरी होने की उम्मीद जगी है. रिंग रोड के बनने से शहर के चारों ओर एक ट्रैफिक फ्री रिंग बन जाएगी. भारी वाहन शहर के अंदर प्रवेश किए बिना ही बाहर से गुजर सकेंगे, जिससे प्रदूषण और ट्रैफिक जाम में कमी आएगी.
इन गांवों से होकर गुजरेगा रिंग रोड
यह रिंग रोड गांव देवा से शुरू होकर कैमरी, भगाना, लाडवा, मय्यड़, खरड़, नियाणा, मिर्जापुर और धान्सू होते हुए तलवंडी राणा तक पहुंचेगा. इसमें डाबड़ा गांव रिंग रोड के अंदर आयेगा और लाडवा बाहर रहेगा. इसी तरह मय्यड़ व खरड़ दोनों गांव रिंग रोड के अंदर रहेंगे जबकि नियाणा, मिर्जापुर और धान्सू के उपर से जाते हुए रिंग रोड सीधे तलवंडी राणा गांव के ऊपर से चंडीगढ़ रोड पर मिल जाएगा.
रास्ते में यह कई प्रमुख गांवों के करीब से गुजरेगा, जिससे आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा. इस प्रोजेक्ट को NHAI पूरा करेगा. NHAI ने इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट और एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है. अब जैसे ही बजट स्वीकृति मिलेगी, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
हाल ही में NHAI के अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ में सीएम नायब सैनी की मौजूदगी में मीटिंग हुई थी. इस परियोजना को मुख्यमंत्री ने मंजूरी देकर बड़ी सौगात दी है. इसकी जिले व विशेषकर हिसार शहर को बड़ी जरूरत थी- रणबीर गंगवा, लोक निर्माण मंत्री
