हिसार | अक्सर लोग अपने पसंदीदा शख्सियतों के प्रति सम्मान दिखाने के लिए उनके टैटू अपने शरीर पर गुदवा लेते हैं. ऐसा ही कुछ हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना के कबड्डी खिलाड़ी सोनू कुंडू ने किया. उन्होंने अपनी छाती पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का टैटू बनवा लिया. जब मुख्यमंत्री सैनी को इस बारे में पता चला तो उन्होंने सोनू को आशीर्वाद दिया. आज हिसार के सुशील भवन में सोनू मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ने उन्हें चंडीगढ़ आने का न्यौता दिया.
नामांकन कार्यक्रम के दौरान हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार में मेयर पद के प्रत्याशी के नामांकन कार्यक्रम में पहुंचे थे. जब वे कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे, तभी खिलाड़ी सोनू कुंडू ने अपनी कमीज़ उतारकर उन्हें अपनी छाती पर गुदवाया हुआ टैटू दिखाया. मुख्यमंत्री यह देखकर खुश हुए और मुस्कुराते हुए कहा कि चुनाव के बाद चंडीगढ़ आकर आराम से मिलना. आपसे आराम से बातें करेंगे.
CM हैं खुशमिजाज: सोनू
इस बारे में कबड्डी खिलाड़ी सोनू कुंडू ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलने और उन्हें अपनी छाती पर बना टैटू दिखाने के लिए आए थे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सबके दिलों में बसते हैं, इसलिए मैंने उनका टैटू बनवाया है. वे प्रदेश के सबसे लोकप्रिय और खुशमिजाज मुख्यमंत्री हैं.
