हिसार | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने बिश्नोई समाज को एक बड़ी सौगात दी है. बता दें कि परिवहन विभाग ने हिसार बस डिपो से बिश्नोई समाज के विख्यात मुकाम धाम तक सीधी बस सेवा शुरू कर दी है. इस बस के संचालन से गुरु जंभेश्वर भगवान में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा पहुंचेगी. शनिवार को पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, नलवा से बीजेपी विधायक रणधीर पनिहार और रोडवेज जीएम ने इस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
बेटे को दिया श्रेय
इस अवसर पर कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि स्वामी राजेंद्रानंद जी महाराज का सपना था कि हिसार से मुकाम धाम तक सीधी बस सेवा का संचालन हो, ताकि समाज के गरीब लोग भी गुरु महाराज के दर्शन कर सके. इस बस सेवा के संचालन का श्रेय अपने बेटे भव्य बिश्नोई को देते हुए उन्होंने कहा कि वह समाज और आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए लगातार मेहनत कर रहा है. हल्के में विकास कार्यों को लेकर भव्य निरंतर प्रयासरत हैं.
मुकाम धाम के लिए बस की टाइमिंग
हिसार रोडवेज जीएम राहुल मित्तल ने बताया कि राजस्थान के मुकाम धाम और नोखा के लिए स्पेशल बस सेवा को हरी झंडी दिखा दी गई है. यह बस सुबह 09.27 बजे हिसार बस स्टैंड से रवाना होकर शाम 7 बजे नोखा पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में नोखा से अगले दिन यह बस सुबह 7 बजे रवाना होकर शाम करीब 5 बजे हिसार पहुंचेगी. यह बस वाया सालासर होते हुए नोखा और मुकाम धाम का सफर तय करेगी. इस बस में नोखा तक प्रति व्यक्ति किराया 420 रुपए रहेगा. जबकि मुकाम तक 385 रुपए प्रति व्यक्ति टिकट रहेगी.
