हिसार से जम्मू- अहमदाबाद की सीधी उड़ान, 27 अक्टूबर से होगी शुरू; जानें पूरा शेड्यूल

हिसार | हरियाणा के हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से करीब एक साल बाद जम्मू और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने की उम्मीद है. एयरपोर्ट अथॉरिटी और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एलायंस एयर की ओर से विंटर शेड्यूल के तहत मांगे गए स्लॉट को मंजूरी दे दी है. प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार 27 अक्टूबर से दोनों शहरों के लिए उड़ान शुरू करने की तैयारी है.

Hisar Airport

जम्मू के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने से वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा. अभी सड़क मार्ग से जम्मू पहुंचने में करीब 8 से 10 घंटे लग जाते हैं, जबकि हवाई सेवा शुरू होने के बाद यह सफर लगभग डेढ़ घंटे में पूरा किया जा सकेगा.

कारोबारियों को फायदा

अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से हिसार के साथ भिवानी और सिरसा के कारोबारियों को भी राहत मिलेगी. गुजरात के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलने से कारोबारियों का समय बचेगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. हिसार एयरपोर्ट से फिलहाल अयोध्या, दिल्ली, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए उड़ानें ऑपरेशनल हैं. हालांकि, अक्टूबर से मार्च तक लागू होने वाले नए विंटर शेड्यूल के कारण मौजूदा उड़ानों के समय में कुछ बदलाव किया जा सकता है.

जयपुर के लिए शुरू हुई थी उड़ान

महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से सितंबर 2025 में हिसार-जयपुर के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई थी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअली रिमोट का बटन दबाकर फ्लाइट को रवाना किया था. उस समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि अगले चरण में हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट को जम्मू तक एक्सटेंड किया जाएगा. अब करीब 11 महीने बाद एलायंस एयर ने विंटर शेड्यूल में जम्मू और अहमदाबाद के लिए उड़ानों को शामिल करने की तैयारी की है.

हवाई कनेक्टिविटी

हिसार एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के विस्तार की शुरुआत अयोध्या फ्लाइट से हुई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार से अयोध्या जाने वाली पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई थी. इसके बाद चंडीगढ़ और अन्य शहरों के लिए भी सेवाएं शुरू हुईं. अब जम्मू और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से हिसार एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है. इससे यात्रियों के साथ-साथ क्षेत्र के व्यापार और पर्यटन को भी फायदा मिल सकता है.

देखें लिस्ट

स्थान वार टाइमिंग
हिसार-दिल्ली रविवार 1:30 PM से 2:25 PM
दिल्ली-हिसार रविवार 7:20 AM से 8:15 AM
हिसार-चंडीगढ़ सोमवार, शुक्रवार 10:50 AM से 11:50 AM
चंडीगढ़-हिसार सोमवार, शुक्रवार 9:25 AM से 10:25 AM
हिसार-जयपुर वीरवार-शनिवार 2:30 PM से 3:30 PM
जयपुर-हिसार वीरवार-शनिवार 1:05 PM से 2:05 PM
हिसार-अयोध्या शुक्रवार-रविवार 8:40 AM से 10:40 AM
अयोध्या-हिसार शुक्रवार-रविवार 11:05 AM से 1:05 PM
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.