किडनी बीमारी से पीड़ित कुत्तों को मिलेगी डायलिसिस की सुविधा, हरियाणा की इस यूनिवर्सिटी में शुरू हुई सुविधा

हिसार | हरियाणा के हिसार में लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) ने पशु चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स में पालतू कुत्तों (डॉग्स) के लिए डायलिसिस सुविधा शुरू कर दी है. इस अत्याधुनिक सेवा से किडनी की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेट्स को बेहतर इलाज और नया जीवन मिलने की उम्मीद है. यह सुविधा कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स के विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञान सिंह के निर्देशन में शुरू की गई है. फिलहाल, शुरुआती चरण में यह सेवा केवल पालतू कुत्तों के लिए उपलब्ध रहेगी.

Dog Photo

विशेषज्ञों के अनुसार, गहन चिकित्सकीय जांच के बाद केवल उन्हीं डॉग्स का डायलिसिस किया जाएगा, जिनके लिए यह प्रक्रिया चिकित्सकीय रूप से आवश्यक होगी. भविष्य में संसाधन और तकनीकी विस्तार होने पर इस सुविधा को अन्य पशुओं तक भी बढ़ाने की योजना है.

हरियाणा में विशेष ट्रेनिंग

चिकित्सकों ने बताया कि जब किसी पशु की किडनी ठीक से काम करना बंद कर देती है, तो शरीर में जहरीले तत्व और अतिरिक्त तरल पदार्थ जमा होने लगते हैं. ऐसी स्थिति में डायलिसिस मशीन के माध्यम से इन विषैले तत्वों को शरीर से बाहर निकाला जाता है, जिससे किडनी पर दबाव कम होता है और गंभीर रूप से बीमार पशु की जान बचाने में मदद मिलती है. इस सेवा को शुरू करने से पहले लुवास की टीम ने गड़वासु, लुधियाना के नेफ्रोलॉजी सेक्शन इंचार्ज डॉ. रणधीर सिंह के मार्गदर्शन में डायलिसिस की विशेष ट्रेनिंग और प्रायोगिक जानकारी हासिल की.

यह भी पढ़े -  हरियाणा बिजली विभाग में तबादले और प्रमोशन, हिसार से जारी हुई नई पोस्टिंग लिस्ट

अहम योगदान

डायलिसिस यूनिट के इंचार्ज डॉ. तरुण कुमार और डॉ. नीलेश सिंधु ने इस पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके अलावा, वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स के चिकित्सकों, पीजी स्टूडेंट्स, इंटर्न्स और टेक्निकल स्टाफ ने भी इस सुविधा को शुरू करने में अहम योगदान दिया. यह पहल प्रदेश में पशु चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा देगी और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पालतू पशुओं के इलाज में मील का पत्थर साबित होगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.