हिसार रेलवे स्टेशन को डबल वाशिंग व सिक लाइन की सौगात, लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए खुलेगा रास्ता

हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां रेलवे स्टेशन पर 63.66 करोड़ रुपए की लागत से डबल वॉशिंग लाइन और सिक लाइन बनाई जाएगी और इसके लिए रेलवे ने 44. 41 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया है. 2 महीने के बाद काम शुरू होने की संभावना है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) अधिकारियों ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. पहले अधिकारियों की टीम दौरा करेगी. उसके बाद, ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.

Hisar Railway Station

डिब्बों की मरम्मत आसान

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में दो पिट लाइन, चार स्टेब्लिंग लाइन, शंटिंग नेक, सिक लाइन और मार्शलिंग लाइन तैयार की जाएंगी. नई वॉशिंग लाइन बनने से हिसार को लंबी दूरी की और ट्रेनें मिलने की संभावना बढ़ेगी. सिक लाइन बनने से डिब्बों की साधारण मरम्मत करना आसान हो जाएगा और खराब डिब्बों को खड़ा करने की सुविधा मिलेगी.

ट्रेनों को रेस्ट देने के लिए वॉशिंग लाइन जरूरी होती है. इसमें ट्रेन की धुलाई और मरम्मत जैसे काम किए जाते हैं. एक ट्रेन को इसमें चार से 6 घंटे का समय लगता है. इसके बाद, ट्रेन फिर से लंबे रूट पर रवाना हो जाती है.

लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए खुलेगा रास्ता

हिसार रेलवे स्टेशन से बीकानेर, हनुमानगढ़, दिल्ली, चंडीगढ़, यूपी, बिहार समेत एक दर्जन से ज्यादा पैसेंजर ट्रेनों का रास्ता खुलेगा. यहां पर ट्रेन रोकने के लिए जगह नहीं होने के कारण कई जगहों के लिए ट्रेन चलाने का प्रस्ताव आता है, लेकिन जगह कमी होने के कारण रोकना पड़ता है. हिसार रेलवे स्टेशन के पास एक ही वाशिंग लाइन है. इसकी वजह से यहां पर ट्रेनों को खड़ी करने में समस्या आती थी, लेकिन अब इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर सभी समस्याओं का हल निकलेगा.

सिक लाइन बनने से यात्रियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा. अब माल या यात्री डिब्बों में खराबी आने पर उन्हें दूसरे स्टेशन की वर्कशॉप में नहीं भेजना पड़ेगा. इससे समय और संसाधनों की बचत होगी. सिक लाइन पर डिब्बों की मरम्मत स्थानीय स्तर पर ही संभव होगी, जिससे कोच को ट्रेन से अलग कर बाहर ले जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. यह व्यवस्था ट्रेनों की समयबद्धता बनाए रखने में सहायक होगी और यात्रियों को अनावश्यक देरी व असुविधा से भी राहत मिलेगी. व्यापारिक मालवाहन भी अधिक प्रभावी होगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.