हिसार | 26 जनवरी के अवसर पर हिसार शहर के लोगों को 5 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों (Electric Buses) की सौगात मिली है. गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण करने हिसार पहुंचे खेल मंत्री गौरव गौतम ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. हिसार डिपो के जीएम मंगल सैन ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हिसार बस स्टैंड से सुबह 6 बजे शुरू हो जाएगा और रात 8 बजे तक चलेगी.

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी बसें
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन इलेक्ट्रिक बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. लो फ्लोर इन बसों में यात्रियों खासकर बच्चों और बुजुर्गो को चढ़ने- उतरने में कोई परेशानी नहीं होगी. बसों में एलईडी स्क्रीन लगाई गई है जिनपर रूट और समय- सारिणी प्रदर्शित होगी. 45 सीटर इन बसों में एमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए दो फायर एक्सटिंगिवीशर भी रखें गए हैं.
इन इलेक्ट्रिक बसों में ड्राइवर की मर्जी से ही दरवाजा खुलेगा. आरामदायक और खुली सीटें दी गई है और यात्रियों के खड़े होने के लिए भी पर्याप्त जगह दी गई है. ये बसें स्टैंड से रवाना होकर वाया लक्ष्मीबाई चौक, डाबड़ा चौक, आधार हॉस्पिटल होते हुए डाबड़ा तक आवागमन करेगी. एक अन्य रूट बस स्टैंड से लक्ष्मीबाई चौक, कचहरी, आजाद नगर, गंगवा होते हुए मुकलान गांव तक आवाजाही करेगी. 26 जनवरी से शुरू हुई इन इलेक्ट्रिक बसों में एक सप्ताह तक यात्रियों के लिए मुफ्त सफर की सुविधा प्रदान की गई है.
हिसार डिपो के जीएम मंगल सैन ने बताया कि इन इलेक्ट्रिक बसों में न्यूनतम किराया 10 रूपए निर्धारित किया गया है, जबकि किलोमीटर के हिसाब से किराए के लिए 15 और 20 रूपए किराया रहेगा. इन बसों में यात्री मोबाइल फोन से भी किराए का भुगतान कर सकेंगे.