हिसार | हरियाणा के पहले हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट (Hisar Airport) से हवाई उड़ान भरने का सपना साकार होने जा रहा है. यहां से पहली उड़ान भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या के लिए होगी, जिसके शेड्यूल को एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया ने मंजूरी प्रदान कर दी है. 14 अप्रैल को अयोध्या के लिए उड़ने वाली इस फ्लाइट को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
यह रहेगा शेड्यूल
14 अप्रैल को 72 सीटर विमान सुबह 10.40 बजे अयोध्या के लिए उड़ान भरेगा और दो घंटे के बाद 12.40 बजे अयोध्या पहुंच जायेगा. हिसार एयरपोर्ट को अयोध्या के साथ ही दिल्ली से भी कनेक्टिविटी मिल जाएगी. अयोध्या के लिए जाने वाला विमान सुबह दिल्ली से हिसार आएगा. अब चंडीगढ़, जयपुर, अहमदाबाद और जम्मू के लिए भी हवाई उड़ान शुरू करने का समय जल्द ही निर्धारित किया जाएगा.
दिल्ली- हिसार- अयोध्या फ्लाइट का शेड्यूल
- दिल्ली से हिसार: सुबह 09.30 बजे
- हिसार पहुंचेगा: सुबह सवा 10 बजे
- हिसार से अयोध्या: सुबह 10.40 बजे
- अयोध्या पहुंचेगा: दोपहर 12.40 बजे
- अयोध्या से हिसार वापसी: दोपहर 01.05 बजे
- हिसार पहुंचेगा: दोपहर 03.05 बजे
- हिसार से दिल्ली वापसी: दोपहर 03.35 बजे
यह हो सकता है किराया
हिसार से अयोध्या के लिए हवाई सेवा का किराया 3- 4 हजार रूपए हो सकता है. अभी इसको फाइनल नहीं किया गया है. यह किराया रियायती दर पर ही रहेगा, जिसे लेकर हरियाणा सरकार का एयरलाइंस के साथ MoU साइन हो चुका है. यहां एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड आफिस खोलने का काम शुरू कर दिया गया है. जल्द ही, ऑनलाइन टिकट बुकिंग का काम शुरू होगा.
ट्रायल रहा था सफल
28 मार्च को हिसार एयरपोर्ट पर विमान ट्रायल पूरी तरह से सफल रहा था. दोपहर एक बजे दिल्ली से हिसार एयरपोर्ट पर एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड का एक विमान एयर स्पेस में चक्कर लगाने के बाद हिसार एयरपोर्ट पर लैंड हुआ था. यहां रनवे पर ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने वाटर सैल्यूट के जरिए इस विमान का स्वागत किया था. हालांकि, अभी एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं हुई है.
