हिसार | शहरवासियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां गुरू जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) बरवाला चुंगी सड़क मार्ग को 1 सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है. ऐसे में दिल्ली और इस रूट पर पड़ने वाले गांवों से हिसार शहर में आने वाले वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है. हालांकि, शहर में एंट्री के लिए एयरपोर्ट चौक व सिरसा चुंगी रास्ते के वैकल्पिक मार्ग की सुविधा रहेगी.
नई पाइपलाइन बिछाई का होगा काम
एकदम से इस सड़क मार्ग को बंद करने पर कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी. पब्लिक हेल्थ के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क मार्ग बंद करने को लेकर पुलिस को पहले ही सूचना दी गई है. उसके बाद ही, फोरलेन रोड को दोनों तरफ डिवाइडर लगाकर बंद किया गया है.
उन्होंने बताया कि डिस्पोजल लाइन बिछाने के लिए साढ़े 9 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाएगा. इस पाइपलाइन से बरसात के पानी को पंपिंग सेट की मदद से डिस्पोजल तक पहुंचाया जाएगा. ऐसा होने पर आटो मार्केट रोड समेत आसपास के एरिया से बरसाती पानी की निकासी करना आसान हो जाएगा और यहां पर जलभराव से निजात मिलेगी.
बेहतर होगी जल निकासी
पब्लिक हेल्थ के XEN बलकार सिंह ने बताया कि GJU के साथ ड्रेनेज और पुलिस लाईन के साथ लगती ड्रेनेज को पूरी तरह से कवर किया जायेगा. इसके बाद, इसे ऋषि नगर डिस्पोजल लाइन के साथ जोड़ने की योजना बनाई गई है. इसमें करीब 4800- 4800 मीटर की 2 नई लाईनें बिछाई जाएगी.
उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में ड्रेन की कैपेसिटी 70 क्यूसिक पानी निकालने की है. नई डिस्पोजल लाईनें बिछने के बाद इसकी क्षमता बढ़कर 95 क्यूसिक हो जाएगी, जिससे बारिश के दौरान शहर से पानी की निकासी आसानी से हो सकेगी और आटो मार्केट सहित साथ लगते इलाकों से जलभराव की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा.
