हरियाणा में श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, अग्रोहा धाम के लिए बिछेगी रेलवे लाइन; 410 करोड़ रूपए आवंटित

हिसार | हरियाणा के प्रसिद्ध अग्रोहा धाम के लिए केंद्रीय रेल बजट में बड़ी खुशखबरी सामने आई है. रेल मंत्रालय ने हिसार-  अग्रोहा- फतेहाबाद- सिरसा रूट पर नई रेलवे लाइन बिछाने को हरी झंडी दिखा दी है. 93 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक को बिछाने के लिए 410 करोड़ रूपए आवंटित किए गए हैं.

rail line

रेलवे लाइन बिछाने से होंगे अनगिनत फायदे

हिसार से वाया अग्रोहा, फतेहाबाद होते हुए सिरसा रेलवे लाइन बिछाने की मंजूरी मिलने से अनगिनत फायदे देखने को मिलेंगे. हर साल लाखों श्रद्धालु अग्रोहा धाम पहुंचते हैं. इसके अलावा, अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. ऐसे में रेल सेवा की सुविधा मिलने से बड़े स्तर पर फायदा पहुंचेगा.

इस रेलवे लाइन के शुरू होने से दिल्ली से वाया हिसार होते हुए सिरसा तक का सफर भी ना केवल आरामदायक होगा, बल्कि कम समय भी लगेगा. यात्री सिरसा से फतेहाबाद, हिसार, हांसी, महम, रोहतक से बहादुरगढ़ होते हुए आसानी से दिल्ली पहुंच सकेंगे. बता दें कि पिछले 3 दशक से अग्रोहा धाम को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग उठाई जा रही थी. साल 2004 में अग्रोहा धाम पहुंचे तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी अग्रोहा धाम के लिए रेलवे लाइन बिछाने की घोषणा की थी.

सिरसा- दिल्ली के बीच आसान होगा सफर

हाल ही में सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने भी इस मांग को उठाते हुए कहा था कि अग्रोहा महाराजा अग्रसेन की धर्मनगरी है. पूरे देश के लोगों की आस्था अग्रोहा धाम से जुड़ी हुई है. अब बताया जा रहा है कि इसके लिए जल्द ही सर्वे का काम शुरू किया जाएगा और फिर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी. इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने पर हिसार से सिरसा का सफर तय करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.