हिसार | हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां हिसार जिले के उदय सिंह बूरा ने इंडियन आर्मी में लेफ्टिनेंट बनकर गांव का नाम रोशन कर दिया है. उनके पिता सतपाल सिंह कर्नल है जबकि दादा सूबेदार लहरी सिंह बूरा भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में जूनियर कमीशंड ऑफिसर के पद पर रहे थे. यही कारण है कि उन्हें बचपन से ही सेना में भर्ती होने की प्रेरणा मिली है.
परिवार में खुशी का माहौल
मूल रूप से घिराय निवासी और वर्तमान में हिसार की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले उदय सिंह अपनी मेहनत और सच्ची लगन की बदौलत इंडियन आर्मी में लेफ्टिनेंट बने हैं. नियुक्ति के बाद वे उसी यूनिट में तोपखाने की रेजिमेंट में शामिल होंगे, जहां उनके पिता ने कमांडिंग ऑफिसर के तौर पर कमान संभाली थी.
इस मौके पर पिता कर्नल सतपाल सिंह ने कहा कि बेटे की उपलब्धि पर खुशी इतनी है कि इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है. बेटे ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर हमारा गौरव बढ़ाया है. परिवार वाले खुद को गर्वित महसूस कर रहे हैं. वहीं, उदय सिंह के लेफ्टिनेंट बनने पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
घर के माहौल से मिली प्रेरणा
उदय सिंह बूरा की पारिवारिक पृष्ठभूमि सेना से जुड़ी हुई है. उनके दादा भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में जूनियर कमीशंड ऑफिसर रहें, जबकि पिता सतपाल सिंह कर्नल रह चुके हैं. वो कारगिल और सियाचिन ग्लेशियर के युद्ध में घायल, मैडल से सम्मानित अफसर हैं. यही वजह है कि उन्हें घर से ही भारतीय सेना में शामिल होने का माहौल मिला है.
