हिसार में बनेगी हरियाणा की पहली ऑर्गेनिक फल- सब्जी मंडी, अपने उत्पादों का खुद भाव तय करेंगे किसान

हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. सीएम नायब सैनी की घोषणा को धरातल पर अमलीजामा पहनाते हुए जिले में ऑर्गेनिक मंडी के लिए जगह का चयन कर लिया गया है. इस संबंध में कृषि व मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में फैसला लिया गया है कि सब्जी मंडी के साथ लगती जमीन पर आर्गेनिक फल- सब्जी व अनाज मंडी स्थापित की जाएगी. अब 2 मार्च को पेश होने वाले वित्त वर्ष 2026- 27 के बजट में इस मंडी के लिए बजट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

Sabji Mandi

CM ने की थी घोषणा 

हरियाणा में 5 हजार से ज्यादा किसान हजारों एकड़ भूमि पर ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं परंतु इन किसानों के लिए कोई मंडी की सुविधा नहीं है. ऑर्गेनिक उत्पादों को लेकर अभी सर्टिफिकेशन की भी कोई खास व्यवस्था नहीं है. कोई सरकारी एजेंसी ऑर्गेनिक उत्पादों को प्रमाणित नहीं करती है. किसानों का एक समूह ही ऐसे उत्पादों को सर्टिफिकेट देता है.

किसानों की इसी डिमांड को पूरा करते हुए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित उद्यमिता दिवस पर हिसार पहुंचे सीएम नायब सैनी ने हिसार और गुरुग्राम में ऑर्गेनिक मंडी बनाने की घोषणा की थी.

खुद भाव तय करेंगे किसान

कृषि विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ऑर्गेनिक फल- सब्जी व अनाज मंडी में सभी उत्पाद सर्टिफाइड होंगे. प्रदेश सरकार की ओर से तय की गई एजेंसी इनको प्रमाणित करेगी. हर एक पैकिंग पर इसकी मोहर लगेगी. कोई भी उत्पाद खुले में नहीं बिकेगा. मंडी में अपने उत्पाद बेचने वाला विक्रेता अपनी लागत खर्च के आधार पर खुद भाव निर्धारित करेगा और भाव में सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं रहेगा.

यह भी पढ़े -  अब छुट्टी के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तर के चक्कर, इंट्रा हरियाणा पोर्टल लागू

मार्केटिंग बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि हिसार सब्जी मंडी में कोल्ड स्टोरेज के पास खाली पड़ी जमीन पर ऑर्गेनिक फल- सब्जी मंडी बनाई जाएगी. यहां कुछ बड़े आकार के शोरूम होंगे. छोटे आकार के बूथ रहेंगे जहां किसान अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगे. अगर किसानों का समूह चाहेगा तो उनको दुकान किराए पर भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

हिसार में ऑर्गेनिक मंडी बनने से हिसार जिले के किसानों को ही नहीं बल्कि हांसी, सिरसा, फतेहाबाद, जींद और भिवानी जिले के किसानों को फायदा पहुंचेगा. इससे ऑर्गेनिक खेती करने वाले किसानों को उनके उत्पादों का उचित भाव मिल सकेगा. खरीदारों को प्रमाणित फल व सब्जियां मिल सकेगी- रविंद्र रोकी, चेयरमैन, मार्केट कमेटी हिसार

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.