हिसार | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि हिसार बड़ा जिला है और इसमें 7 विधानसभा सीटें हैं. पार्टी संगठन और प्रभावी तरीके से काम कर सके, इसके लिए जिले को छोटा किया जा रहा है. बरवाला, हांसी व नारनौंद को मिलाकर अलग जिला बनाएंगे.
बढ़ेंगे रोजगार के साधन
इसका जिलाध्यक्ष व कार्यकारिणी अलग से बनेगी और इसकी प्रक्रिया आज से शुरू कर रहे हैं. पर्यवेक्षक भी जल्द आएंगे. जल्द ही, जिले के संगठन का गठन होगा, जिसमें हिसार व हांसी का जिलाध्यक्ष अलग- अलग होगा. हिसार, नलवा, आदमपुर व उकलाना विधानसभा सीटें हिसार में रहेगी.
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा हिसार के बीजेपी कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे. हिसार एयरपोर्ट का नाम बदलने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी तरह का संशय न रखें. हिसार एयरपोर्ट महाराजा अग्रसेन के नाम पर ही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से समय लेकर इसका जल्द उद्घाटन करवाया जाएगा. यहां से अयोध्या व दूसरे शहरों के लिए हवाई सफर की सुविधा मिलेगी. एयरपोर्ट के कारण रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे.
ट्रिपल इंजन की सरकार से रफ्तार पकड़ेगा विकास
रणबीर गंगवा ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की एकतरफ जीत हुई है. इस चुनाव में जनता ने पार्टी के काम पर मुहर लगाई है. हिसार में प्रवीण पोपली 65 हजार रिकॉर्ड वोटों से जीते हैं. उन्होंने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी के कार्यकाल को एक साल हुआ है. इस दौरान जितने भी चुनाव आए, उन सभी में भाजपा को सफलता मिली है. निकायों में अब ट्रिपल इंजन की सरकार बनी है तो और ज्यादा गति से विकास कार्य होंगे.
