हिसार | हरियाणा में श्रमिक परिवारों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि लगभग एक साल के लंबे इंतजार के बाद मजदूरों की बेटियों को ई- स्कूटी योजना का लाभ मिलने जा रहा है. श्रम विभाग 26 अप्रैल से पोर्टल दोबारा लाइव करेगा, जिसके तहत पात्र लाभार्थियों को 50 हजार रुपये के ई-वाउचर कोड जारी किए जाएंगे.

हरियाणा में फोन कॉल से मिलेगी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, जिन श्रमिकों की वर्क स्लिप जांच में सही पाई गई है, उनकी बेटियों को यह लाभ मिलेगा. मुख्यालय की ओर से पात्र श्रमिकों को फोन कॉल के माध्यम से भी सूचना दी जा रही है.
हाल ही में श्रम विभाग में करीब 1500 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला सामने आया था. जांच में फर्जी लाभार्थियों के नाम पर राशि निकाले जाने का खुलासा हुआ जिसके बाद विभाग ने वर्क स्लिप की जांच शुरू कर पोर्टल बंद कर दिया था. अब जांच पूरी होने के बाद पात्र श्रमिकों के लिए पोर्टल फिर खोला जा रहा है.
PNB E- Rupay ऐप से मिलेंगे कोड
पहले ई- स्कूटी के लिए भीम ऐप के जरिये ई- वाउचर जारी किए जाते थे, लेकिन इस बार प्रक्रिया में बदलाव किया गया है. अब पात्र छात्राओं को 50 हजार रुपये के कोड PNB E- Rupay ऐप्लिकेशन के माध्यम से दिए जाएंगे.
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि पोर्टल शुरू होने के बाद पात्र श्रमिक विभिन्न योजनाओं के लिए भी आवेदन कर सकेंगे. इसमें औजार खरीदने के लिए 8 हजार रुपए, बेटियों की शादी पर 1.01 लाख रुपए, श्रमिक की मृत्यु पर 2-5 लाख रुपए तक आर्थिक सहायता राशि और बोर्ड परीक्षा टॉपर को 8 हजार से 51 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि शामिल हैं.
हरियाणा में 21.78 लाख वर्क स्लिप की जांच के आदेश श्रम मंत्री अनिल विज ने दिए थे. इनमें से केवल 2.70 लाख श्रमिकों की वर्क स्लिप वैध पाई गई. अब विभागीय जांच पूरी होने के बाद इन्हीं पात्र श्रमिकों के लिए 26 अप्रैल यानि कल से पोर्टल खोला जा रहा है- रविन्द्र, उपनिदेशक, श्रम विभाग, हिसार