हिसार | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. हिसार जिले के गांव बास के पहलवान अनिल मोर ने 55 किलोग्राम भारवर्ग में ग्रीको रोमन वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का नाम रोशन कर दिया है. उन्होंने उलानबाटार ओपन 2025 कुश्ती चैंपियनशिप में इस उपलब्धि को हासिल किया है. भारतीय पहलवान अनिल मोर ने किर्गिस्तान के पहलवान मुराटबेक उलु को पिन फॉल से हराते हुए भारत की झोली में स्वर्ण पदक डाला है. इससे पहले उन्होंने नॉर्डिक सिस्टम चैंपियनशिप में अपने सभी चारों मैचों में जीत हासिल की थी.
अनिल मोर की उपलब्धियां
अनिल मोर का यह गोल्ड मेडल सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप और सीनियर वर्ल्ड प्रतियोगिता में हरियाणा के लिए ग्रीको रोमन का पहला स्वर्ण पदक है. उन्होंने इससे पहले एशियाई चैंपियनशिप 2019 में सिल्वर मेडल जीता था. इसके अलावा खेलों इंडिया यूथ गेम्स में अनिल मोर 2 बार गोल्ड मेडल विजेता रहे थे. जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25 में भी उन्होंने दो गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है.
गुरु मेहर सिंह अखाड़ा, रोहतक में कोच रणबीर सिंह ढाका के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण हासिल करने वाले अनिल मोर एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं. वह खेती के काम में अपने पिता का हाथ बंटाते हैं. गोल्ड मेडल जीतकर वतन लौटे अनिल मोर का मुंढाल से गांव बास तक खुली जीप में जोरदार स्वागत किया गया. स्वागत समारोह में नारनौंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहें. ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया. ग्रामीणों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
गांव में स्टेडियम की मांग
विधायक जस्सी पेटवाड़ ने अनिल मोर की उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हुए कहा कि एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले हमारे भाई ने गोल्ड मेडल जीतकर न केवल गांव बल्कि देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि बास बहुत बड़ा गांव हैं. यहां स्टेडियम और बच्चों के लिए खेलने की व्यवस्था होनी चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे सरकार से गांव में स्टेडियम का निर्माण कर बच्चों के लिए कोचिंग की व्यवस्था करें ताकि गांव से और अच्छे खिलाड़ी निकलकर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें. स्टेडियम बनने से युवा प्रतिभा में और ज्यादा निखार आएगा.
