खुशखबरी: हिसार जिले को मिला चंडीगढ़- गुरुग्राम के लिए सीधी ट्रेन सेवा का तोहफा, ये रहेगा शेड्यूल

हिसार | हरियाणा के हिसार जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने हिसार को 2 नई स्पेशल ट्रेनों का तोहफा दिया है. इसके साथ ही जिले के लोगों का चंडीगढ़ और गुरुग्राम से सीधे रेल संपर्क का बरसों पुराना सपना भी पूरा हो गया है. रेल मंत्रालय द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है.

RAIL TRAIN

हिसार से चंडीगढ़ के लिए दौड़ेगी सीधी ट्रेन

रेल मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, ट्रेन नंबर 64563/64, अंब अंदौरा- अंबाला कैंट वाया चंडीगढ़ ट्रेन को अब फास्ट ट्रेन के रूप में हिसार के रायपुर रेलवे स्टेशन तक संचालित किया जाएगा. ट्रेन नंबर 64564, अंब अंदौरा (अंबाला) से दोपहर 3 बजे रवाना होकर अंबाला कैंट, कुरूक्षेत्र जंक्शन, कैथल, नरवाना, जाखल, उकलाना और बरवाला होते हुए रात 01.05 बजे हिसार के रायपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगी.

इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 64563, रात 02.25 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होकर सुबह 07.20 बजे अंबाला कैंट और 12.40 बजे अंब अंदौरा पहुंचेगी.

गुरुग्राम जाने वाली ट्रेन का शेड्यूल

भारतीय रेलवे ने दिल्ली से वाया गुरुग्राम होते हुए रेवाड़ी तक चलने वाली फास्ट पैसेंजर ट्रेन का हिसार के सातरोड़ रेलवे स्टेशन तक विस्तार कर दिया है. ट्रेन नंबर 54085, दिल्ली से सुबह 7 बजे रवाना होकर 09.40 बजे रेवाड़ी और दोपहर 01.35 बजे सातरोड पहुंचेगी.

इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 54086, सातरोड से दोपहर 02.10 बजे रवाना होकर शाम साढ़े 5 बजे रेवाड़ी और रात 9 बजे दिल्ली पहुंचेगी. यह ट्रेन रेवाड़ी से जाटुसाना, कोसली, झाड़ली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानीखेड़ा और हांसी होते हुए सातरोड पहुंचेगी. रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, जल्द ही दोनों ट्रेनों के संचालन की तारीख जारी की जाएगी.

लोगों ने जताई खुशी 

हिसार विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल ने चंडीगढ़ और गुरुग्राम के लिए सीधी ट्रेन सेवा को हिसार जिले की जनता के लिए बड़ी सौगात बताया. उन्होंने बताया कि इन दोनों ट्रेनों के संचालन को लेकर वो निरंतर रेलवे अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए थी. इससे हिसार से दोनों शहरों के लिए सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत होगी. वहीं, चंडीगढ़ और गुरुग्राम के लिए सीधी ट्रेन सेवा की सौगात मिलने पर हिसार जिले के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए रेलवे का आभार व्यक्त किया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.