हिसार | वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. जिला हिसार में NH-52 पर मुकलान, सरसौद-बिचपड़ी और चौधरीवास में बाईपास निर्माण के प्रस्ताव को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को भेज दिए हैं. जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शुक्रवार को NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विपिन मंगला ने हिसार लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी को यह जानकारी दी है.

मैयड़ में बाईपास की नहीं जरूरत
इसकी स्टेटस रिपोर्ट पर उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव करीब दो साल से लंबित है. इस पर सांसद जेपी ने कहा कि इन प्रोजेक्ट की फाइलें उन्हें उपलब्ध कराई जाएं ताकि इस मामले को संसद में उठा सकें. बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद ने गांव मैयड़ में बाईपास निर्माण पर भी सवाल किया.
विपिन मंगला ने बताया कि मैयड़ के लिए ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है. हिसार में प्रस्तावित रिंग रोड बनने के बाद इसकी आवश्यकता ही नहीं रहेगी और भारी वाहन बाईपास से गुजर सकेंगे. NH- 52 पर गांव जुगलान के पास व्हीक्युलर अंडरपास का टेंडर लगा दिया है जिसे इसी महीने खोला जाएगा.
हरियाणा में सड़कों की बदहाल स्थिति
कांग्रेस सांसद ने कहा कि पूरे देश में सबसे अधिक टोल टैक्स हरियाणा में वसूला जा रहा है. लोगों को बदहाल सड़कों से गुजरना पड़ रहा है. हिसार से दिल्ली के बीच हाइवे की हालत बेहद खराब है. सांसद ने हांसी से बरवाला सड़क मार्ग की बदहाली पर भी सवाल खड़ा किया. इस पर अधिकारियों ने बताया कि 15 दिन के भीतर इस सड़क मार्ग को दुरुस्त कर दिया जाएगा.