हिसार | वीरवार को हिसार सचिवालय में ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग आयोजित हुई जिसमें एक फरियादी ने 25 साल पुरानी सड़क का मामला उठाते हुए अधिकारियों को चौकन्ना कर दिया. आदमपुर निवासी चंद्रपाल ने इस सड़क की शिकायत उठाते हुए बताया कि गांव आदमपुर में नीम अड्डा से डाब रोड तक मिलने वाली सड़क का निर्माण पिछले 25 साल से नहीं हुआ है.
हिसार में भजनलाल सरकार के समय हुआ निर्माण
उन्होंने बताया कि फिलहाल यह सड़क बहुत ही खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी है लेकिन इसके नए सिरे से निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग और मार्केटिंग बोर्ड दोनों ही अंजान बने हुए हैं. इस शिकायत पर बीजेपी नेता मनीष ऐलावादी ने भी खड़े होकर कहा कि इस सड़क का निर्माण स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की सरकार के समय में हुआ था और यह मार्केटिंग बोर्ड के अधीन है तथा वहां बोर्ड भी लगा हुआ है.
DC ने दिया आश्वासन
आदमपुर निवासी चंद्रपाल की शिकायत पर जिला डीसी महेंद्रपाल ने आश्वासन देते हुए कहा कि वह पता लगाएंगे कि यह सड़क किस विभाग के अंडर आती है. जल्द ही, इस सड़क मार्ग का नए सिरे से निर्माण कर लोगों को गढ्ढों से मुक्ति दिलाई जाएगी ताकि उनका सफर आरामदायक और सुरक्षित हो सकें.
हिसार ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में कुल 15 शिकायतें आई और इनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया. वहीं, स्वास्थ्य कारणों के चलते विकास एवं पंचायती राज मंत्री कृष्ण लाल पंवार इस बैठक से गैरहाजिर रहे. इस बैठक में मंडी आदमपुर की रविदास बस्ती को लेकर जमकर हंगामा हुआ जिसको लेकर बीजेपी नेता मनीष ऐलावादी और नलवा से बीजेपी विधायक रणधीर पनिहार के बीच तकरार देखने को मिली.
