हिसार | हरियाणा के हिसार (Hisar) के अग्रोहा में कैंसर अस्पताल खोलना जिंदल परिवार के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल रहा है. दो बार मुख्यमंत्री यहां दौरा कर चुके हैं, लेकिन अब तक इसकी घोषणा नहीं हो पाई है. अब 31 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) हिसार आ रहे हैं. दरअसल, इस दिन ओपी जिंदल की पुण्यतिथि है और गृहमंत्री अग्रोहा मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे. प्रदेश सरकार से मंजूरी नहीं मिलने के कारण अब जिंदल परिवार कैंसर अस्पताल के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से डिमांड करेगा.
गृह मंत्रालय से लगातार हो रही बातचीत
जिंदल हाउस द्वारा लगातार गृह मंत्रालय से संपर्क साधा जा रहा है और कार्यक्रम के शेड्यूल को लेकर बातचीत की जा रही है. हिसार आगमन पर अमित शाह अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में ICU यूनिट और सुपर मल्टी स्पेशलिटी सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा, जिंदल हाउस द्वारा कैंसर अस्पताल की मांग उठाए जाने की संभावना है.
अधर में लटका प्रोजेक्ट
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने 3 साल पहले कैंसर अस्पताल की मंजूरी के लिए आवेदन किया था. 6 मार्च 2022 को इसकी आधारशिला रखी गई थी, लेकिन अब तक सरकार ने इसकी मंजूरी प्रदान नहीं की है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 120 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है, जिसमें से 60 करोड़ रुपए मुंबई के दानी अग्रवाल ने देने की सहमति जताई थी. हालांकि, सरकार द्वारा मंजूरी न मिलने के कारण यह प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है. यदि अस्पताल बनता है, तो इसका लाभ हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के मरीजों को मिलेगा.
